Delhi heatwave: उत्तर भारत में गर्मी का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। Delhi में मंगलवार को तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया और आज फिर से लू और तेज सतही हवाओं के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, उत्तर प्रदेश के 17 जिलों में भी हीटवेव से हालात गंभीर बने हुए हैं। पूर्वी भारत के बिहार और झारखंड में कुछ जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे आंशिक राहत मिल सकती है। राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में भीषण गर्मी से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। ऐसे में आइए जानते हैं कि देश के अलग-अलग राज्यों में आज मौसम कैसा रहने वाला है।
Delhi: दो दिन और झेलनी होगी लू
राष्ट्रीय राजधानी Delhi इन दिनों गर्म हवाओं की चपेट में है। मंगलवार को आयानगर में तापमान 45.5 डिग्री तक पहुंच गया। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आज के लिए तेज सतही हवाएं और लू चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कल यानी गुरुवार को भी हालात ऐसे ही बने रहेंगे। हालांकि 13-14 जून को आंधी और हल्की बारिश के आसार हैं, जिससे थोड़ी राहत मिल सकती है। 15 और 16 जून को भी बारिश की संभावना जताई गई है, लेकिन तब तक गर्मी का कहर जारी रहेगा।
यूपी के 17 जिलों में हीटवेव, कुछ इलाकों में बादल
उत्तर प्रदेश में भी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, ललितपुर, झांसी, जालौन, महोबा, हमीरपुर, इटावा, कानपुर, बांदा, चित्रकूट, फिरोजाबाद, मैनपुरी, आगरा, हाथरस, अलीगढ़ और मथुरा में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, सोनभद्र जैसे जिलों में धूप-छांव का मौसम रहेगा। राहत की बात यह है कि आज और 13 जून को प्रदेश के कई इलाकों में बारिश की संभावना है।
बिहार-झारखंड: उत्तर में बारिश, दक्षिण में उमस
बिहार में आज मौसम का मिजाज बदला हुआ है। उत्तर बिहार के 19 जिलों के लिए गरज के साथ बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, दक्षिण बिहार में गर्मी के साथ-साथ उमस भी परेशान करेगी, जिसके लिए येलो अलर्ट जारी हुआ है। झारखंड में भी आज राज्यभर में गरज के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है। यह बारिश कुछ हद तक गर्मी से राहत दिला सकती है।
राजस्थान, पंजाब, हरियाणा: गर्मी का नहीं दिख रहा अंत
राजस्थान में मंगलवार को कई जिलों का तापमान 45 डिग्री के पार चला गया। भीलवाड़ा, चुरू, गंगानगर जैसे इलाकों में लू और तेज गर्म हवाओं का असर साफ नजर आ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक यहां गर्मी से राहत के कोई संकेत नहीं हैं। पंजाब और हरियाणा में भीषण गर्मी जारी है और आने वाले दिनों में भी मौसम में कोई खास बदलाव नहीं होने वाला।
पहाड़ी राज्य: उत्तराखंड-हिमाचल में बारिश की संभावना
उत्तराखंड के कुछ जिलों में आज हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने कुछ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, हिमाचल प्रदेश में गर्मी का असर बना हुआ है, लेकिन 13 जून से मौसम में बदलाव की संभावना है। 13 से 16 जून के बीच राज्य के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और तूफान देखने को मिल सकता है, जिससे तापमान में गिरावट संभव है।
देश के अधिकांश मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी से राहत फिलहाल नहीं दिख रही है, जबकि कुछ राज्यों में बारिश की संभावना लोगों को थोड़ी राहत दे सकती है। पहाड़ी राज्यों में आने वाले दिनों में मौसम बदल सकता है। लोगों को सलाह दी जाती है कि वे दोपहर में धूप से बचें और गर्मी से बचाव के उपाय करें।