World’s Youngest Yoga Guru Record Attempt : कोटा के रहने वाले 7 साल के प्रत्यक्ष विजय इस योग दिवस (21 जून) को एक बड़ा कीर्तिमान रचने जा रहे हैं। वे दुनिया की सबसे बड़ी योग क्लास का आयोजन करेंगे, जिसमें देश-विदेश के हज़ारों बच्चे एक साथ योग करेंगे। सबसे खास बात यह है कि प्रत्यक्ष खुद गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज दुनिया के सबसे छोटे योग गुरु हैं।
4 साल की उम्र में शुरू की योग यात्रा
प्रत्यक्ष ने महज 4 साल की उम्र में योग करना शुरू किया था। उनकी लगन और अभ्यास ने उन्हें इतनी छोटी उम्र में ही योग का उस्ताद बना दिया है। उन्होंने इंटरनेशनल योगा बुक ऑफ रिकॉर्ड और इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में भी अपना नाम दर्ज कराया है।
“मैं चाहता हूं पूरी दुनिया योग करे”
प्रत्यक्ष कहते हैं, “मैं पूरी दुनिया को योग सिखाना चाहता हूं। इससे शरीर मजबूत होता है, दिमाग शांत रहता है और मन सकारात्मक बनता है।” उनकी सबसे पसंदीदा योग मुद्रा है ‘फ्लाइंग क्रो’, जिससे ध्यान और आत्मविश्वास बढ़ता है।
वह ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यमों से बच्चों को योग सिखाते हैं। उनकी योग क्लासेस में कनाडा जैसे देशों के बच्चे भी भाग लेते हैं। बहुत से बच्चे उन्हें अपना आदर्श मानते हैं।
योग परिवार से मिली प्रेरणा
प्रत्यक्ष के माता-पिता मां दीक्षा विजय (योग शिक्षिका) और पिता गौरव विजय दोनों ही योग से जुड़े हुए हैं। गौरव बताते हैं, “प्रत्यक्ष ने हमें देखकर योग करना शुरू किया। हमने घर से मोबाइल और जंक फूड हटा दिया और प्रत्यक्ष ने भी पूरी लगन से योग को अपनाया।”
उनका यूट्यूब चैनल ‘श्री योग’ के जरिए वे बच्चों और अभिभावकों को स्वस्थ जीवनशैली के लिए जागरूक करते हैं।
रिकॉर्ड बनाने का सपना और एक संदेश
प्रत्यक्ष का सपना है कि इस योग दिवस पर वह सबसे बड़ी योग क्लास आयोजित कर रिकॉर्ड बनाए। उनके माता-पिता का कहना है, “हमारा बेटा सिर्फ रिकॉर्ड नहीं बना रहा, वह स्वास्थ्य और अनुशासन का संदेश फैला रहा है।”