Gola Mandir Incident: छोटी काशी गोला गोकर्णनाथ मंदिर में सावन के तीसरे सोमवार पर दर्शन के लिए उमड़े लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ में रविवार देर रात भगदड़ मच गई। मंदिर मार्ग पर अफरातफरी के माहौल के बीच कावड़ियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई। भगदड़ में दो महिलाएं घायल हो गईं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालात बेकाबू होते देख पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा। इससे पहले मनसा देवी और बाराबंकी में भी भारी भीड़ उमड़ी थी। Gola Mandir में भी श्रद्धालुओं की संख्या बेकाबू होती जा रही है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए थे, फिर भी भगदड़ पर तुरंत काबू पाना मुश्किल हो गया।
मंदिर खुलते ही मच गई भगदड़
छोटी काशी Gola Mandir में रविवार देर रात करीब 1 बजे लाखों कांवड़ियों का जत्था मंदिर के मुख्य चौराहे पर पहुंचा, लेकिन मंदिर के कपाट बंद होने के कारण सभी को रोक दिया गया। कपाट सुबह 3 बजे खुलने थे, मगर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देख प्रशासन ने 1:30 बजे ही कपाट खुलवा दिए। जैसे ही ये खबर फैली, मंदिर में सबसे पहले प्रवेश करने की होड़ में भगदड़ मच गई। धक्का-मुक्की के बीच कई लोग गिर पड़े, जिससे अफरातफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने मोर्चा संभाला, दो महिलाएं घायल
स्थिति बिगड़ती देख मौके पर तैनात पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभाला और बैरिकेडिंग को मजबूत किया। पुलिस और कांवड़ियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई, लेकिन धीरे-धीरे हालात पर काबू पा लिया गया। भगदड़ में फंसी दो महिलाओं को पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया। दोनों की हालत सामान्य बताई जा रही है।
प्रशासन ने कसी कमर, पूरे जिले की फोर्स तैनात
सोमवार को सावन के तीसरे सोमवार को देखते हुए पूरे Gola Mandir क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जिलेभर की पुलिस फोर्स को गोला में तैनात कर दिया गया है। सभी स्कूल-कॉलेजों को कांवड़ियों के ठहराव के लिए खोल दिया गया है। इसके साथ ही गोला शहर में वाहनों की आवाजाही पर भी पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है, जिससे यातायात सुचारू और भीड़ नियंत्रित रह सके।