Yogi Adityanath Janata Darshan Action: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार सुबह जनता दर्शन कार्यक्रम में पूरी तरह ऐक्शन मोड में नजर आए। कार्यक्रम में पहुंचे फरियादियों की शिकायतें सुनते ही मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों, राजस्व अधिकारियों और पुलिस प्रशासन को सभी मामलों को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याएं प्राथमिकता पर सुनी जाएं और जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
अवैध अतिक्रमण मामलों पर तत्काल कार्रवाई के आदेश
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री के समक्ष अवैध अतिक्रमण से जुड़े कई मामले रखे गए। मुख्यमंत्री ने सभी फरियादियों की बात धैर्यपूर्वक सुनी और संबंधित प्रार्थना पत्र स्वीकार करते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनशिकायतों का निस्तारण स्थानीय स्तर पर ही करें ताकि लोगों को बार-बार राजधानी न आना पड़े।
बीमार बच्चे के इलाज के लिए आर्थिक मदद
कार्यक्रम में एक महिला अपने बच्चे के साथ पहुंची, जिसका इलाज केजीएमयू में चल रहा है। महिला ने इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आर्थिक मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 25 करोड़ नागरिक उनका परिवार हैं और सरकार सुख-दुख में सभी के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि पैसों के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा।
बच्चों से आत्मीय संवाद, पढ़ाई के लिए किया प्रोत्साहित
जनता दर्शन में कुछ बच्चे भी अपने अभिभावकों के साथ पहुंचे। एक बच्ची ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सलाम किया। मुख्यमंत्री ने मुस्कराते हुए उसका नाम पूछा और पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को चॉकलेट बांटी और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
भारत तेजी से तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर
इसी दिन आयोजित संवाददाता सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने केंद्रीय बजट 2026-27 को दूरदर्शी बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया।
गरीबी से बाहर निकली 25 करोड़ से अधिक आबादी
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं और देश की प्रगति में योगदान दे रहे हैं। उन्होंने संविधान दिवस, मौलिक कर्तव्यों और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना पर भी जोर दिया और कहा कि समान व समावेशी विकास सरकार की प्राथमिकता है।








