Free Facilities Available At Petrol Pumps: जब भी लोग पेट्रोल पंप जाते हैं, तो ज्यादातर केवल पेट्रोल या डीजल भरवाकर वापस लौट आते हैं। लेकिन बहुत कम लोगों को पता होता है कि वहां कई ऐसी सुविधाएं भी मौजूद होती हैं, जिनका इस्तेमाल बिल्कुल मुफ्त किया जा सकता है। ये सुविधाएं हर ग्राहक के लिए होती हैं और पेट्रोल पंप संचालकों को इन्हें देना जरूरी होता है।
नियमों के तहत देना होता है फायदा
सरकार की ‘मार्केटिंग डिसिप्लिन गाइडलाइन’ के मुताबिक देश के हर पेट्रोल पंप को ग्राहकों के लिए कुछ जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करानी होती हैं। इनका मकसद सफर के दौरान लोगों को राहत और सुरक्षा देना है। अगर कोई पेट्रोल पंप कर्मचारी इन सुविधाओं के बदले पैसे मांगता है या सुविधा देने से मना करता है, तो उसके खिलाफ शिकायत की जा सकती है।
फ्री हवा की सुविधा
हर पेट्रोल पंप पर गाड़ियों के टायर में हवा भरने की सुविधा मुफ्त होती है। इसके लिए किसी भी तरह का शुल्क नहीं लिया जा सकता। नियमों के मुताबिक वहां एक सही तरीके से काम करने वाली एयर मशीन और कर्मचारी मौजूद होना जरूरी है। इसलिए अगली बार कोई पैसे मांगे, तो आप नियम बता सकते हैं।
मुफ्त साफ पीने का पानी
पेट्रोल पंप पर साफ पीने के पानी की व्यवस्था भी जरूरी है। अधिकतर जगहों पर RO पानी की सुविधा होती है। कोई भी व्यक्ति वहां पानी पी सकता है और उसे रोका नहीं जा सकता। खासकर लंबी यात्रा के दौरान यह सुविधा काफी काम आती है।
साफ टॉयलेट का अधिकार
हर पेट्रोल पंप पर साफ और इस्तेमाल करने लायक टॉयलेट होना अनिवार्य है। पुरुष और महिलाओं दोनों के लिए शौचालय की व्यवस्था होनी चाहिए। अगर टॉयलेट गंदा हो या बंद रखा जाए, तो ग्राहक इसकी शिकायत कर सकते हैं।
फर्स्ट एड बॉक्स की सुविधा
सफर के दौरान अचानक तबीयत खराब होने या हल्की चोट लगने पर पेट्रोल पंप का फर्स्ट एड बॉक्स मददगार साबित हो सकता है। हर पेट्रोल पंप पर जरूरी दवाइयां, बैंडेज और एंटीसेप्टिक वाला फर्स्ट एड बॉक्स रखना जरूरी होता है। जरूरत पड़ने पर इसका इस्तेमाल मुफ्त में किया जा सकता है।
फोन कॉल और तेल जांच की सुविधा
अगर आपका मोबाइल बंद हो जाए या किसी इमरजेंसी में कॉल करनी हो, तो पेट्रोल पंप से मुफ्त फोन कॉल की सुविधा भी ली जा सकती है। इसके अलावा अगर आपको पेट्रोल या डीजल की मात्रा और गुणवत्ता पर शक हो, तो वहां मौजूद 5 लीटर जार और फिल्टर पेपर से जांच कराने का अधिकार भी आपका है।

