RELATED NEWS
DTC Pink Saheli Smart Card: दिल्ली में महिलाओं के लिए डीटीसी और क्लस्टर बसों में मुफ्त यात्रा का तरीका 1 अगस्त से पूरी तरह बदल जाएगा। अब तक बसों में मिलने वाली पेपर पिंक टिकट की व्यवस्था समाप्त कर दी जाएगी। इसके स्थान पर महिलाओं को पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड (NCMC) का उपयोग करना होगा। सरकार का कहना है कि इस बदलाव से पूरी व्यवस्था अधिक पारदर्शी, डिजिटल और सुविधाजनक बनेगी।
स्मार्ट कार्ड के बिना नहीं मिलेगी मुफ्त यात्रा
दिल्ली सरकार के अनुसार 31 जुलाई तक महिलाओं को पहले की तरह पिंक टिकट मिलती रहेगी। लेकिन 1 अगस्त से मुफ्त यात्रा का लाभ केवल उन्हीं महिलाओं को मिलेगा जिनके पास वैध पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड होगा। बस में चढ़ते समय कार्ड को इलेक्ट्रॉनिक टिकट मशीन (ETM) पर टैप करना भी अनिवार्य होगा। यदि कार्ड नहीं होगा तो सामान्य यात्रियों की तरह टिकट लेकर किराया देना पड़ेगा।
15 लाख से ज्यादा कार्ड जारी
सरकार के मुताबिक अब तक करीब 15 लाख महिलाओं को पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड जारी किए जा चुके हैं। जिन महिलाओं ने अभी तक कार्ड नहीं बनवाया है, वे 1 अगस्त के बाद भी आवेदन कर सकती हैं। फिलहाल इसके लिए ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध नहीं है। इच्छुक महिलाओं को डीसी ऑफिस, एसडीएम ऑफिस या अधिकृत डीटीसी केंद्रों पर जाकर आधार कार्ड और मोबाइल नंबर के साथ आवेदन करना होगा।
DTC के अलावा यहां भी होगा इस्तेमाल
यह कार्ड ‘वन नेशन, वन कार्ड’ (NCMC) प्रणाली पर आधारित है। इसका उपयोग दिल्ली मेट्रो और रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) जैसी सेवाओं में भी किया जा सकेगा। हालांकि, इन सेवाओं में सामान्य किराया देना होगा। मुफ्त यात्रा की सुविधा केवल डीटीसी और क्लस्टर बसों में ही लागू रहेगी।
सरकार को क्या होगा फायदा?
नई डिजिटल व्यवस्था के जरिए हर यात्रा का रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा, जिससे यात्रियों की वास्तविक संख्या का पता लगाया जा सकेगा। साथ ही टिकट वितरण में गड़बड़ी और धोखाधड़ी की संभावना कम होगी। सरकार का मानना है कि इससे योजना का लाभ केवल पात्र महिलाओं तक ही पहुंचेगा और पूरी प्रणाली पहले से अधिक पारदर्शी बनेगी।


