Mathura gold theft:मथुरा के कोसीकलां में एक ज्वेलरी शोरूम से करीब 14 करोड़ रुपये कीमत का सोना और 15 लाख रुपये कैश चोरी होने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। चोरी का आरोप शोरूम के पूर्व कर्मचारी विष्णु उर्फ पप्पू सोनी पर है। पुलिस ने उसे और उसके परिवार के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
सात घंटे तक शोरूम में रहा
पुलिस के मुताबिक, आरोपी रविवार रात करीब 9 बजे पड़ोसी दुकान की छत पर पहुंचा। वहां से शोरूम की छत पर जाकर उसने लोहे की जाली काटी और रात करीब 9:57 बजे अंदर दाखिल हुआ। इसके बाद स्ट्रॉन्ग रूम का दरवाजा काटकर वहां रखी चाबी से तिजोरी खोली। वह करीब सात घंटे तक अंदर रहा और सुबह करीब 5:15 बजे बाहर निकला।
काले कपड़े से चेहरा ढका
आरोपी ने खुद को काले कपड़े से ढक रखा था। उसने सोने के गहने और नकदी बैग में भरी। खास बात यह रही कि उसने चांदी के जेवर, पीतल के बर्तन और गोल्ड प्लेटेड सामान को हाथ तक नहीं लगाया। उसने शोरूम का सीसीटीवी डीवीआर भी निकाल लिया, ताकि अंदर की रिकॉर्डिंग पुलिस के हाथ न लगे।
बाहर के कैमरों से मिला सुराग
शोरूम के बाहर लगे कैमरों में आरोपी दिखाई दिया। फुटेज में वह दो बैग लेकर निकलता नजर आया। रास्ते में चेहरे से कपड़ा थोड़ा खिसकने पर पुलिस को उसका हुलिया साफ दिखा। शोरूम मालिक ने कद-काठी देखकर उसकी पहचान पूर्व कर्मचारी पप्पू के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की।
परिवार के चार लोग गिरफ्तार
पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया। उसके पास से करीब 7 किलो 120 ग्राम सोना और 11 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, मामले में पप्पू के भाई मोहन सोनी, मां और बहन को भी गिरफ्तार किया गया है। वारदात सुलझाने में 10 से ज्यादा पुलिस टीमों और एसटीएफ ने मदद की।
पुलिस ने ऐसे पकड़ा
चोरी के बाद आरोपी ई-रिक्शा से निकला और रास्ता बदलते हुए रेलवे स्टेशन की तरफ गया। पुलिस ने आसपास के 125 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इन्हीं फुटेज और शोरूम मालिक से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। करीब 36 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दिया गया।






