एशियन गेम्स 2026 में महिला क्रिकेट के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में बांग्लादेश और चीन की टीमें आमने-सामने होनी थीं। यह मुकाबला जापान के निशिन स्थित कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेला जाना था। हालांकि लगातार बारिश और मैदान गीला होने के कारण मैच शुरू नहीं हो सका।
एक भी गेंद नहीं फेंकी
मैच शुरू कराने के लिए मैदान को सुखाने की कोशिश की गई, लेकिन हालात खेलने लायक नहीं हो पाए। आखिरकार अधिकारियों ने मुकाबला रद्द कर दिया। खास बात यह रही कि मैच में टॉस तक नहीं हुआ और दोनों टीमों की कोई खिलाड़ी मैदान पर गेंद का सामना नहीं कर सकी।
रैंकिंग से हुआ फैसला
मुकाबला रद्द होने के बाद बांग्लादेश को इसका फायदा मिला। एशियन गेम्स क्रिकेट के नियमों के मुताबिक, बारिश के कारण क्वार्टर फाइनल में कोई नतीजा नहीं निकलने पर बेहतर रैंकिंग वाली टीम अगले दौर में पहुंचती है। इसी नियम के तहत बांग्लादेश ने सेमीफाइनल में जगह बना ली, जबकि चीन का टूर्नामेंट यहीं खत्म हो गया।
चीन की उम्मीद टूटी
चीन की महिला टीम लंबे समय बाद एशियन गेम्स के क्रिकेट मुकाबले में उतरी थी। टीम के लिए यह मौका खास था, लेकिन उसे बिना एक भी गेंद खेले ही प्रतियोगिता से बाहर होना पड़ा। चीन की टीम इससे पहले 2010 के बाद एशियन गेम्स में तीसरी बार क्रिकेट प्रतियोगिता का हिस्सा बनी थी।
पाकिस्तान भी अंतिम चार
दूसरे क्वार्टर फाइनल में पाकिस्तान ने थाईलैंड को तीन विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। बारिश के कारण यह मुकाबला भी घटाकर 11-11 ओवर का कर दिया गया था। थाईलैंड ने 11 ओवर में 91 रन बनाए, जिसके जवाब में पाकिस्तान ने 10.4 ओवर में 7 विकेट खोकर 92 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
अब भारत पर नजरें
बांग्लादेश का सेमीफाइनल मुकाबला भारत और जापान के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल के विजेता से होगा। यह मुकाबला 18 सितंबर को खेला जाना है। वहीं पाकिस्तान का सामना सेमीफाइनल में श्रीलंका और मलेशिया के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल के विजेता से होगा। दोनों सेमीफाइनल 20 सितंबर को खेले जाएंगे।






