Entertainment News: ‘हनुमान अंश’ की सफलता के बाद इसकी प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर अब एक और आध्यात्मिक कहानी को पर्दे पर लाने को लेकर चर्चा में हैं। अनुप्रिया हाल ही में मध्य प्रदेश के छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम पहुंचीं। यहां उनसे जब बागेश्वर धाम पर फिल्म बनाने को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने अपनी योजना और शर्त के बारे में खुलकर बात की।
दूसरी बार पहुंचीं बागेश्वर धाम
अनुप्रिया नागर बागेश्वर धाम में दर्शन और आशीर्वाद लेने पहुंचीं। बताया गया कि यह उनकी दूसरी यात्रा थी। मीडिया से बातचीत के दौरान उनसे बागेश्वर धाम पर फिल्म बनाने की संभावना को लेकर सवाल किया गया।
अनुप्रिया ने कहा कि इस विषय पर फिल्म बनाने का फैसला वह तभी लेंगी, जब पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री उन्हें इसके लिए मार्गदर्शन देंगे। उनके मुताबिक, जिस तरह ‘हनुमान अंश’ के लिए उन्हें नीम करौली बाबा से प्रेरणा मिली, उसी तरह अगली फिल्म के लिए भी वह मार्गदर्शन को जरूरी मानती हैं।
‘गुरुजी मार्गदर्शन करेंगे, तभी अगली फिल्म बनाऊंगी’
अनुप्रिया ने कहा कि उन्होंने खुद फिल्म बनाने का फैसला नहीं किया था, बल्कि उनका मानना है कि नीम करौली बाबा ने उन्हें इस कहानी तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि अगर गुरुजी का मार्गदर्शन मिला तो अगली फिल्म बनाना उनके लिए सौभाग्य की बात होगी।
इस बयान के बाद बागेश्वर धाम पर संभावित फिल्म को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, अभी फिल्म की आधिकारिक घोषणा, कहानी, कलाकारों या शूटिंग से जुड़ी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
‘हनुमान अंश’ की सफलता के बाद ‘राम बोला’ का ऐलान
इस बीच ‘हनुमान अंश’ के मेकर्स ने ‘राम बोला’ नाम की फिल्म बनाने का भी ऐलान किया है। निर्माताओं के मुताबिक, फिल्म से होने वाली कमाई को जरूरतमंद लोगों के कल्याण और सेवा कार्यों के लिए दान किया जाएगा।
वहीं, ‘हनुमान अंश’ की शुरुआत में रिलीज को लेकर मुश्किलें भी आई थीं। निर्माता रागिनी सोना के मुताबिक, तीसरे सप्ताह में फिल्म के पास महज 25-30 थिएटर बचे थे, लेकिन टीम ने वितरकों से बातचीत कर फिल्म को आगे भी सिनेमाघरों में बनाए रखने की कोशिश की।








