Tech News: दुनिया की प्रमुख माइक्रोचिप निर्माता कंपनी एनवीडिया के सीईओ जेनसन हुआंग विवादों में घिर गए हैं। अमेरिकी मीडिया संस्थान ‘द इन्फॉर्मेशन’ की रिपोर्ट के मुताबिक, एलिस हुआंग उर्फ हुआंग ली नाम की कारोबारी महिला के साथ उनके कथित संबंधों के कारण करीब 7.5 अरब डॉलर की एनवीडिया चिप चीन की कंपनियों तक पहुंचीं। महिला पर चीन के लिए जासूसी करने का शक है। हालांकि, एलिस और जेनसन हुआंग के बीच कोई पारिवारिक रिश्ता नहीं है।
रिपोर्ट में महिला को जानने वाले दो लोगों के हवाले से बताया गया है कि एलिस ने अपने पति और बहन के साथ चीन और सिंगापुर में कंपनियों का नेटवर्क बनाया था। इसमें शंघाई की सेंचुरी लिटोंग अहम थी। जून 2023 में शुरू हुई इस कंपनी को कुछ ही महीनों में एनवीडिया का पसंदीदा क्लाउड पार्टनर बना दिया गया, जिससे उसे चिप प्राथमिकता से मिलने लगीं।
नेटवर्क के जरिए चीन पहुंचीं चिप्स
रिपोर्ट का दावा है कि अमेरिकी निर्यात प्रतिबंधों के कारण एनवीडिया के कुछ ऑर्डर अटकने पर एलिस ने कंपनी और उसके वितरकों से अपने संपर्कों का इस्तेमाल किया। इसके जरिए करीब 2.40 लाख एच100, एच200 और ए100 चिप चीन पहुंचाई गईं। इनमें कुछ ऐसी चिप्स भी थीं, जिनकी चीन को बिक्री पर अमेरिका ने रोक लगा रखी थी।
सेंचुरी लिटोंग ने इन चिप्स से डेटा सेंटर चलाए और कंप्यूटिंग क्षमता किराये पर दी। अलीबाबा, टेनसेंट और चीन की कुछ छोटी एआई लैब इसकी सेवाएं लेती थीं। एलिस सिंगापुर की कंपनी मेगास्पीड में वरिष्ठ पद पर भी थीं। इसकी मलेशियाई सहयोगी स्पीडमैट्रिक्स के जरिए मिले हार्डवेयर भी सेंचुरी लिटोंग तक पहुंचे। अमेरिकी अधिकारी इस मामले में मेगास्पीड की जांच कर चुके हैं।
एफबीआई कर रही मामले की जांच
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने सोमवार को बताया कि एफबीआई मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जेनसन हुआंग से उनकी बात हुई थी। हुआंग ने दावा किया कि उन्हें एलिस की कथित जासूसी गतिविधियों की जानकारी नहीं थी। ट्रंप ने कहा कि उन्हें लगता है कि हुआंग ठीक रहेंगे।
ट्रंप ने यह भी कहा कि उन्होंने विदेश मंत्री मार्को रूबियो का गोपनीय मेमो नहीं पढ़ा था। रूबियो ने मई में ट्रंप की चीन यात्रा से पहले यह मेमो प्रशासन के साथ साझा किया था।
एनवीडिया के बोर्ड ने भी जांच शुरू की है, ताकि पता लगाया जा सके कि सीईओ विदेशी खुफिया गतिविधियों का निशाना तो नहीं बने। विवाद के बीच सोमवार को कंपनी के शेयर चार प्रतिशत से ज्यादा गिर गए और बाजार मूल्य में करीब 190 अरब डॉलर की कमी आई। हालांकि, बाजार पूंजीकरण चार ट्रिलियन डॉलर से ऊपर है और कंपनी दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी बनी हुई है।
कंपनी की साख पर उठे सवाल
‘न्यूयॉर्क पोस्ट’ के मुताबिक, विवाद से हुआंग के नेतृत्व और कंपनी की छवि पर असर पड़ सकता है। अगले साल अमेरिकी कांग्रेस में डेमोक्रेट्स का नियंत्रण होने पर कंपनी को राजनीतिक और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े सवालों का सामना करना पड़ सकता है। एक कॉरपोरेट वकील ने कहा कि सुनवाई के दौरान मामला बढ़ने पर कंपनी का बोर्ड हुआंग से दूरी बना सकता है।
शेयरधारक ने सीईओ पर किया मुकदमा
एपी के मुताबिक, एनवीडिया के शेयरधारक मार्क किस्टेनमाकर ने जेनसन हुआंग पर निवेशकों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कैलिफोर्निया की अदालत में मुकदमा किया है। शिकायत में कहा गया है कि कंपनी ने कथित संबंधों की जानकारी छिपाई और गलत जानकारी दी। निवेशक ने हर्जाने और जूरी से सुनवाई की मांग की है।
उन्होंने इसे क्लास-एक्शन मुकदमा बनाने की अपील की है, जिसमें 9 अक्टूबर से 8 नवंबर के बीच एनवीडिया के शेयर खरीदने वाले निवेशक शामिल होंगे। इसी अवधि में ‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ ने इस मामले पर खबर प्रकाशित की थी।
























