Haldwani Chhath Puja 2026: उत्तराखंड के हल्द्वानी में छठ महापर्व को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। नहरों के किनारे छठ पूजा के घाट तैयार किए जा रहे हैं। पूर्वांचल समाज के इस प्रमुख पर्व में इस बार शहर के एक हजार से अधिक श्रद्धालुओं के व्रत रखने और पूजा में शामिल होने की उम्मीद है। छठ सेवा समिति ने रामपुर रोड स्थित छठ स्थल पर बैठक कर आयोजन की तैयारियों और धार्मिक अनुष्ठानों पर चर्चा की।
13 नवंबर को नहाय-खाय से होगी शुरुआत
सूर्य देव और छठी मैया की उपासना का यह चार दिवसीय पर्व 13 नवंबर, शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू होगा। इस दिन व्रती स्नान के बाद सात्विक भोजन ग्रहण करेंगे। घरों में साफ-सफाई और पूजा की तैयारियां भी की जाएंगी।
14 नवंबर को खरना का अनुष्ठान होगा। इस दिन व्रती दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसके बाद करीब 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होगा।
15 नवंबर को डूबते सूर्य को देंगे अर्घ्य
छठ महापर्व के तीसरे दिन यानी 15 नवंबर को श्रद्धालु नहरों और घाटों पर पहुंचकर डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य देंगे। इस दौरान व्रती पारंपरिक प्रसाद और पूजा सामग्री के साथ सूर्य देव की उपासना करेंगे।
16 नवंबर की सुबह उगते सूर्य को उषा अर्घ्य दिया जाएगा। इसके साथ ही 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा होगा और चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।
हल्द्वानी में छठ पूजा की परंपरा करीब 37 साल पुरानी है। छठ सेवा समिति के महामंत्री मुरारी प्रसाद श्रीवास्तव के मुताबिक, यह पर्व परिवारों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का भी अवसर देता है।
समिति की बैठक में अध्यक्ष कृष्णा शाह, महामंत्री मुरारी प्रसाद श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष शंकर भगत, वीरू पंडित, सुरेश भगत और जय प्रकाश समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। समिति घाटों पर पूजा की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटी है।






















