PM Modi Lucknow Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को राजधानी लखनऊ के दौरे पर आएंगे। इस दौरान वह इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कौशल दीक्षा समारोह में शामिल होंगे। कार्यक्रम में देशभर के आईटीआई के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए शासन और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
पहली बार बदला आयोजन स्थल
कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय की ओर से हर साल देशभर के आईटीआई के टॉपर विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाता है। प्रधानमंत्री मोदी की पहल पर शुरू हुआ यह समारोह अब तक दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित होता रहा है। इस बार पहली बार दिल्ली से बाहर लखनऊ में इसका आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम 21 नवंबर को दोपहर बाद प्रस्तावित है।
64 टॉपर होंगे सम्मानित
समारोह में देशभर के 40 ट्रेड और छह जोन के करीब 64 टॉपर विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें उत्तर प्रदेश के छह विद्यार्थी भी शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अलग-अलग ट्रेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करेंगे। कार्यक्रम में देशभर की आईटीआई से करीब 1500 विद्यार्थियों के शामिल होने की संभावना है।
सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है। शुक्रवार को केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों की टीम ने स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा इंतजामों और आयोजन से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया गया।
शासन स्तर पर तैयारियां तेज
विधानसभा चुनाव की बढ़ती सरगर्मियों के बीच प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर शासन स्तर पर भी गतिविधियां तेज हो गई हैं। स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां कार्यक्रम को लेकर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में जुटी हैं। विद्यार्थियों की भागीदारी से लेकर सुरक्षा इंतजामों तक सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
























