लखनऊ के इंदिरानगर डी-ब्लॉक में सात नवंबर को बदमाशों ने सरकारी विद्यालय के शिक्षक निरंजन सिंह को निशाना बनाया था। कलेवा चौराहे के पास बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोका और आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। इसके बाद छह लाख रुपये से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। इस मामले में गाजीपुर पुलिस ने रविवार को अभय प्रताप सिंह और अनुभव तिवारी को गिरफ्तार किया है।
पार्टी से लौट रहे थे शिक्षक
पुलिस के मुताबिक, निरंजन सिंह मूल रूप से प्रतापगढ़ के लालगंज अझारा इलाके के फतेह शाहपुर गांव के रहने वाले हैं। वह बाराबंकी के एक विद्यालय में शिक्षक हैं और नौकरी के कारण परिवार के साथ इंदिरानगर के डी-ब्लॉक में रहते हैं। छह नवंबर को वह दोस्तों के साथ पार्टी में गए थे। सात नवंबर को सुबह करीब चार बजे दोस्त की कार से लौटे। साथियों ने उन्हें पॉलीटेक्निक चौराहे पर उतार दिया था। इसके बाद वह पैदल घर जा रहे थे और उनके हाथ में रुपयों से भरा बैग था।
आंखों में झोंकी मिर्च
कलेवा चौराहे के पास पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया, जिससे तेज जलन होने लगी। इसी दौरान बदमाश बैग छीनकर भाग निकले। पीड़ित के मुताबिक, बैग में छह लाख रुपये और मोबाइल फोन था। हालत सामान्य होने के बाद उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी और गाजीपुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने डकैती की धारा में मुकदमा दर्ज किया।
दो आरोपी गिरफ्तार हुए
पुलिस उपायुक्त पूर्व डॉ. दीक्षा शर्मा के मुताबिक, वारदात के खुलासे के लिए सर्विलांस और क्राइम टीम समेत छह टीमें लगाई गई थीं। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की मदद से अभय प्रताप सिंह निवासी माल आजादनगर रामनगर और अनुभव तिवारी निवासी माल को गिरफ्तार किया गया। दोनों के कब्जे से 2.48 लाख रुपये बरामद हुए हैं।
बाकी बदमाशों की तलाश
इंस्पेक्टर गाजीपुर राजेश मौर्या ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब वारदात में शामिल अन्य बदमाशों की तलाश कर रही है। इसके लिए अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि लूट की बाकी रकम कहां है और इस वारदात में कुल कितने लोग शामिल थे।























