New Zealand Tour: न्यूजीलैंड का वेलिंगटन शहर तेज हवाओं के लिए जाना जाता है। यहां का मौसम कई बार हवाई सफर को भी चुनौतीपूर्ण बना देता है। भारतीय क्रिकेट टीम के कुछ खिलाड़ियों को भी इसका सामना करना पड़ा। उनका विमान लैंडिंग से ठीक पहले खराब मौसम की चपेट में आ गया। हालात बिगड़ने पर पायलट को आखिरी समय में लैंडिंग का फैसला बदलना पड़ा।
विमान में मौजूद थे खिलाड़ी
इस विमान में भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल, उपकप्तान केएल राहुल और तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज भी सवार थे। इनके अलावा करीब 8 से 10 खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ के सदस्य भी यात्रा कर रहे थे। हालांकि कुछ देर बाद विमान ने सुरक्षित लैंडिंग कर ली और सभी ने राहत की सांस ली।
हैमिल्टन से भरी उड़ान
यह घटना 11 नवंबर की है। भारतीय टीम के तीसरे वनडे के बाद कुछ खिलाड़ी टेस्ट सीरीज की तैयारियों के लिए वेलिंगटन रवाना हुए थे। सभी ने एयर न्यूजीलैंड की फ्लाइट NZ5817 से सफर किया। विमान ने हैमिल्टन से सुबह 11:43 बजे उड़ान भरी थी। शुरुआत में सफर सामान्य रहा, लेकिन वेलिंगटन पहुंचने से पहले मौसम ने परेशानी खड़ी कर दी।
पायलट ने क्यों बदला फैसला
वेलिंगटन एयरपोर्ट के आसपास तेज क्रॉसविंड और टर्बुलेंस की स्थिति थी। विमान जब रनवे के बेहद करीब पहुंचा, तब हवा का दबाव और अस्थिर मौसम लैंडिंग के अनुकूल नहीं था। ऐसे में पायलट ने जोखिम लेने के बजाय गो-अराउंड का फैसला किया और विमान को दोबारा हवा में ऊपर उठा लिया।
दूसरी कोशिश में सुरक्षित लैंडिंग
लैंडिंग रद्द करने के बाद विमान 5,000 फीट से अधिक ऊंचाई पर पहुंच गया। इसके बाद पायलट ने मौसम और परिस्थितियां अनुकूल होने का इंतजार किया और दोबारा लैंडिंग की कोशिश की। रेव स्पोर्ट्ज की रिपोर्ट के मुताबिक, विमान ने दोपहर 1:06 बजे सुरक्षित लैंडिंग की। यह निर्धारित समय से करीब 26 मिनट बाद था।























