पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी और भारतीय गेंदबाजों के सामने 300 का आंकड़ा पार कर लिया। टीम ने 49.2 ओवर में सभी विकेट गंवाकर 313 रन बनाए। हसन नवाज ने सबसे ज्यादा 79 रन बनाए। माज सदाकत ने 59 और फरहान यूसुफ ने 56 रन की पारी खेली। भारत की ओर से हर्षित राणा, प्रिंस यादव, सूर्यांश शेडगे और विप्रज निगम ने दो-दो विकेट लिए।
भारत की खराब शुरुआत
जवाबी पारी में भारत की शुरुआत खराब रही। वैभव सूर्यवंशी 11 और आयुष बडोनी बिना खाता खोले आउट हो गए। अभिषेक शर्मा ने तेज बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों में 70 रन बनाए, लेकिन भारत ने 6 विकेट 129 रन पर गंवा दिए। यहां से तिलक वर्मा और शाहबाज अहमद ने शतकीय साझेदारी कर टीम को वापस लाने की कोशिश की।
शाहबाज के आउट होते ही टूटी उम्मीद
शाहबाज 56 रन पर आउट हो गए। उनके बाद हर्षित राणा और विप्रज निगम बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए और भारत की हार तय हो गई। तिलक वर्मा 149 गेंदों में 100 रन बनाकर आखिरी ओवर में आउट हुए। भारतीय पारी 265 पर सिमट गई और पाकिस्तान ने 48 रन से मैच जीत लिया।












