उत्तर प्रदेश में ग्रेजुएशन, पोस्ट ग्रेजुएशन या प्रोफेशनल कोर्स में एडमिशन लेने की तैयारी कर रहे छात्रों और अभिभावकों के लिए जरूरी खबर है। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) ने देशभर के 32 संस्थानों को फर्जी विश्वविद्यालयों की सूची में शामिल किया है। इनमें उत्तर प्रदेश के भी चार संस्थान हैं। ऐसे संस्थानों को मान्य विश्वविद्यालय की तरह डिग्री जारी करने का कानूनी अधिकार नहीं है।
ऐसे में अगर आप भी किसी कॉलेज या यूनिवर्सिटी में दाखिला लेने जा रहे हैं, तो फीस जमा करने से पहले उसकी मान्यता जरूर जांच लें। छोटी सी लापरवाही आपके कई साल की मेहनत और पैसे दोनों को नुकसान पहुंचा सकती है।
देशभर के 32 संस्थान सूची में
UGC की फरवरी 2026 में जारी सूची के मुताबिक, देशभर के 32 संस्थानों को फर्जी विश्वविद्यालयों की श्रेणी में रखा गया है। इनमें सबसे ज्यादा 12 संस्थान दिल्ली में हैं, जबकि उत्तर प्रदेश के चार संस्थानों के नाम शामिल हैं।
इन संस्थानों के पास विश्वविद्यालय की तरह मान्य डिग्री जारी करने का अधिकार नहीं है। किसी संस्थान के नाम में यूनिवर्सिटी या विश्वविद्यालय लिखा होना उसकी कानूनी मान्यता का प्रमाण नहीं है।
यूपी के इन 4 संस्थानों के नाम
UGC की सूची में उत्तर प्रदेश के जिन चार संस्थानों के नाम शामिल बताए गए हैं, वे इस प्रकार हैं:
गांधी हिंदी विद्यापीठ: प्रयागराज (इलाहाबाद)।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस यूनिवर्सिटी: अचलताल, अलीगढ़।
भारतीय शिक्षा परिषद: भारत भवन, मटियारी, फैजाबाद रोड, चिनहट, लखनऊ।
महामाया टेक्निकल यूनिवर्सिटी: सेक्टर-110, महर्षि नगर, नोएडा।
छात्रों को इन नामों के साथ संस्थानों के पते का भी मिलान करना चाहिए। एडमिशन लेने से पहले UGC की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध नवीनतम सूची जरूर देखें।
किसे है डिग्री देने का अधिकार?
भारत में विश्वविद्यालयों को डिग्री जारी करने का अधिकार UGC अधिनियम, 1956 की धारा 22 के तहत निर्धारित किया गया है। इसके अनुसार, डिग्री देने का अधिकार उन्हीं संस्थानों को है जिन्हें कानून के तहत इसकी अनुमति मिली है।
इसमें केंद्र या राज्य सरकार के कानून से स्थापित विश्वविद्यालय, UGC अधिनियम की धारा 3 के तहत डीम्ड यूनिवर्सिटी का दर्जा प्राप्त संस्थान और संसद के विशेष कानून के तहत अधिकृत संस्थान शामिल हैं।














