संजय निषाद ने आजमगढ़ से अपने पुराने राजनीतिक रिश्तों का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि गोरखपुर के बाद आजमगढ़ और अतरौलिया ने निषाद पार्टी को सबसे ज्यादा मजबूती दी है। दावा किया कि 2022 में अतरौलिया से पार्टी प्रत्याशी को जिले की सभी दस सीटों पर एनडीए प्रत्याशियों में सबसे ज्यादा वोट मिले थे। कम दौरे को लेकर उठ रहे सवालों पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में एनडीए को मजबूत करने की जिम्मेदारी के कारण यहां आना कम हुआ। तंज कसते हुए कहा कि कुछ नेता आजमगढ़ में डेरा डालकर बैठ गए हैं, जैसे उनका लक्ष्य सिर्फ इसी जिले पर कब्जा करना हो।
टिकट नहीं देने के आरोपों पर जवाब
2022 में निषाद समाज को टिकट नहीं देने के आरोपों पर संजय निषाद ने अतरौलिया और कटहरी सीट का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि दोनों जगह निषाद समाज के नेताओं को चुनाव लड़ने का प्रस्ताव दिया गया था, लेकिन उन्होंने खुद इनकार कर दिया। आरोप लगाया कि अब कुछ छुटभैया नेता इसी मुद्दे को उठाकर निषाद समाज को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।
दूसरे दलों के निषाद नेताओं को भी मौका
संजय निषाद ने कहा कि आजमगढ़ की सीटों पर सबसे पहले स्थानीय निषाद समाज के नेताओं को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके लिए यह जरूरी नहीं कि संबंधित नेता निषाद पार्टी का सदस्य ही हो। संकेत दिया कि दूसरे दलों में सक्रिय निषाद नेताओं को भी टिकट मिल सकता है, बशर्ते उनमें जीतने की क्षमता हो।
16 सीटों पर अड़े, दी चेतावनी
संजय निषाद ने कहा कि 2022 में भाजपा के साथ गठबंधन में निषाद पार्टी को 16 सीटें मिली थीं और आगामी चुनाव में इनमें से एक भी सीट नहीं छोड़ी जाएगी। चेतावनी दी कि अगर कोई निषाद समाज और पार्टी के अधिकारों पर हाथ डालने की कोशिश करेगा तो वह दूसरी सीटों पर भी दावा करेंगे। उन्होंने कहा, ‘हम पहले किसी को छेड़ते नहीं हैं, लेकिन हमें कोई छेड़ता है तो हम छोड़ते भी नहीं हैं।’ अब भाजपा के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर होने वाली बातचीत अहम होगी।














