Punjab election 2027:पंजाब की राजनीति में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल के बीच गठबंधन की संभावनाओं ने राज्य का सियासी माहौल गरमा दिया है। खास बात यह है कि कुछ महीने पहले तक भाजपा के कई वरिष्ठ नेता सभी 117 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने की वकालत कर रहे थे। लेकिन अब पार्टी नेतृत्व गठबंधन को बेहतर विकल्प मान रहा है। इसके पीछे चुनावी समीकरण और आंतरिक सर्वेक्षणों को अहम वजह बताया जा रहा है।
वोट शेयर में आगे होने के बावजूद गठबंधन क्यों?
2024 के लोकसभा चुनाव में पंजाब में भाजपा को 18.56 फीसदी वोट मिले थे, जबकि अकाली दल का वोट शेयर 13.42 फीसदी रहा था। इससे भाजपा की प्रदेश इकाई का आत्मविश्वास बढ़ा था। पार्टी के कई नेता अकेले चुनाव लड़ने और मुख्यमंत्री पद पर दावा करने के पक्ष में थे।
हालांकि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से अकाली दल के साथ मिलकर चुनाव लड़ने के संकेत मिलने के बाद पार्टी की रणनीति में बदलाव आया।
आंतरिक सर्वे ने दिखाई जमीनी हकीकत
भाजपा के पंजाब प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया के नेतृत्व में कराए गए आंतरिक सर्वेक्षणों में गठबंधन की जरूरत सामने आई। सूत्रों के मुताबिक, अकेले चुनाव लड़ने पर भाजपा और अकाली दल दोनों को नुकसान हो सकता है और वे करीब एक दर्जन सीटों तक सिमट सकते हैं।
वहीं, दोनों दलों के अलग-अलग लड़ने से वोटों का बंटवारा होगा, जिसका फायदा आम आदमी पार्टी या कांग्रेस को मिल सकता है। दोनों पार्टियों के 2024 के वोट शेयर को जोड़ने पर यह आंकड़ा करीब 32 फीसदी पहुंचता है।
सीट बंटवारे पर अभी बाकी है सहमति
गठबंधन की संभावनाओं के बीच सीटों का बंटवारा सबसे बड़ी चुनौती बना हुआ है। 1997 से 2017 तक अकाली दल 94 और भाजपा 23 सीटों पर चुनाव लड़ती थी। लेकिन अब राजनीतिक परिस्थितियां बदल चुकी हैं।
पिछले कुछ वर्षों में भाजपा ने कई प्रमुख जट्ट सिख नेताओं को अपने साथ जोड़ा है। इसके अलावा पार्टी की नजर पंजाब की 32 फीसदी से अधिक दलित आबादी पर भी है। ऐसे में माना जा रहा है कि भाजपा इस बार 40 से 50 सीटों की मांग कर सकती है।
AAP और कांग्रेस ने कसा तंज
दूसरी ओर, मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार मुफ्त बिजली और महिलाओं को आर्थिक सहायता जैसी योजनाओं के जरिए जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने में जुटी है। भगवंत मान ने भाजपा-अकाली दल के संभावित गठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि सालों तक एक-दूसरे की आलोचना करने वाले दल अब सत्ता के लिए साथ आ रहे हैं।
वहीं, कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने गठबंधन को ‘0+0=0’ बताया। सचिन पायलट ने भी किसानों और MSP की कानूनी गारंटी का मुद्दा उठाया। अब देखना होगा कि यह गठबंधन पंजाब में AAP के लिए कितनी बड़ी चुनौती बनता है।















