Car Headlight Cleaning: कार, स्कूटी या बाइक चलाते समय हेडलाइट का साफ होना बेहद जरूरी है। हेडलाइट पर धूल-मिट्टी, ग्रीस और दूसरी गंदगी जमा होने से इसकी चमक कम हो सकती है। कई बार लगातार धूप और मौसम के असर से हेडलाइट का प्लास्टिक लेंस पीला और धुंधला भी पड़ने लगता है। ऐसे में रात के समय सड़क पर देखने में परेशानी हो सकती है।
अक्सर लोग हेडलाइट की सफाई के लिए सर्विस सेंटर का रुख करते हैं, लेकिन हर बार ऐसा करना जरूरी नहीं है। कुछ सामान्य चीजों की मदद से घर पर भी हेडलाइट की बाहरी सतह की सफाई की जा सकती है। हालांकि, इसके लिए सही तरीका अपनाना जरूरी है।
टूथपेस्ट से करें हेडलाइट की सफाई
हेडलाइट की सफाई के लिए टूथपेस्ट का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए किसी मुलायम या माइक्रोफाइबर कपड़े पर थोड़ा सा साधारण टूथपेस्ट लें। इसे हेडलाइट की बाहरी सतह पर हल्के हाथों से लगाएं। इसके बाद साफ गीले कपड़े से टूथपेस्ट को अच्छी तरह पोंछ दें।
ध्यान रखें कि यह तरीका केवल हल्की गंदगी या अस्थायी सफाई में मदद कर सकता है। इससे गहरी पीली परत या खराब हो चुकी कोटिंग ठीक नहीं होती। इसलिए पहले किसी छोटे हिस्से पर सावधानी से इस्तेमाल करें।
साबुन और पानी का घोल आएगा काम
हेडलाइट पर जमी धूल-मिट्टी हटाने के लिए साबुन और पानी का घोल भी इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए एक बर्तन में पानी लेकर उसमें थोड़ा सा हल्का साबुन मिलाएं। अब माइक्रोफाइबर कपड़े को इस घोल में भिगोकर निचोड़ लें।
इसके बाद हेडलाइट को धीरे-धीरे साफ करें। आखिर में साफ पानी से गीले कपड़े की मदद से साबुन हटा दें और सूखे मुलायम कपड़े से सतह पोंछ लें। इससे सामान्य गंदगी आसानी से साफ हो सकती है।
हेडलाइट साफ करते समय इन गलतियों से बचें
सफाई के दौरान कुछ चीजों का इस्तेमाल हेडलाइट के प्लास्टिक लेंस और उसकी बाहरी कोटिंग को नुकसान पहुंचा सकता है।
बेकिंग सोडा का न करें इस्तेमाल: बेकिंग सोडा के खुरदरे कण लेंस की सतह पर खरोंच डाल सकते हैं। खासकर तब, जब हेडलाइट की बाहरी कोटिंग पहले से कमजोर हो।
एसिटोन और तेज केमिकल से बचें: एसिटोन और दूसरे स्ट्रॉन्ग केमिकल प्लास्टिक लेंस, उसकी कोटिंग और आसपास के पेंट को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
बर्तन धोने वाले जूने से न रगड़ें: बर्तन साफ करने वाले जूने काफी सख्त होते हैं। इनसे हेडलाइट पर खरोंच पड़ सकती है। इसलिए हमेशा मुलायम माइक्रोफाइबर कपड़े का इस्तेमाल करें।
कब करवानी चाहिए प्रोफेशनल सफाई?
अगर हेडलाइट अंदर से धुंधली दिखाई दे रही है या उसका प्लास्टिक लेंस काफी पीला पड़ चुका है, तो घरेलू सफाई से समस्या पूरी तरह दूर नहीं होगी। ऐसी स्थिति में किसी विशेषज्ञ से हेडलाइट की जांच करवाना बेहतर है। जरूरत पड़ने पर प्रोफेशनल रेस्टोरेशन कराया जा सकता है।
Disclaimer: यह खबर सामान्य जानकारी के उद्देश्य से तैयार की गई है। हेडलाइट की सफाई करते समय वाहन निर्माता के निर्देशों का पालन करें। किसी भी केमिकल का इस्तेमाल करने से पहले विशेषज्ञ की सलाह लें।














