यूपी के अलीगढ़ में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। जहां तेज गति से आ रही बस ने अनियंत्रित होकर आधा दर्जन से अधिक वाहनों को टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि हादसे में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच कर हालात का जायजा लिया। घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भेजा गया।
वहीं मिली जानकारी के अनुसार कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। इस हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ दिखाई दी। इस दौरान गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया है। घटना की गंभीरता को समझते हुए भारी तादात में पुलिस फोर्स मौके पर मौजूद है। ये मामला टप्पल थाना इलाके के कुराना गांव का बताया जा रहा है।
अनियंत्रित बस ने कई वाहनों को रौंदा
आपको बता दें कि जहां एक और उत्तर प्रदेश में नवंबर माह को यातायात माह के रूप में मनाया जा रहा है। वहीं यातायात माह के पहले ही दिन अलीगढ़ के टप्पल थाना क्षेत्र में इतना बड़ा सड़क हादसा हो गया। जहां एक अनियंत्रित बस ने कई वाहनों को रौंद दिया।
जिसमें 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हालांकि घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। जानकारी के अनुसार घायलों में कई लोगों की हालत चिंताजनक बनी बताई जा रही है।
पिकअप में भरा था जागरण का सामान
मिली जानकारी के अनुसार मरने वालों में पांचों लोग बुलंदशहर के थे। घटना के बाद मौक पर अफरा-तफरी मच गई। सड़क पर लंबा जाम लग गया। इस अफरा तफरी के बीच चालक बस को छोड़कर फरार हो गया। पुलिस प्रशासनिक व आरटीओ के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर हालातों नियंत्रित किया। जाम की स्थिति को देखते हुए यातायात को डायवर्ट किया गया।
बताया जा रहा है कि गांव कुराना में देवी जागरण का आयोजन किया गया था। जहां बुलंदशहर के लोग मैजिक पिकअप से आए थे। जागरण का सारा सामान भी सड़क किनारे खड़े पिकअप में भरा हुआ था।
इनके आगे-पीछे बुग्गी, आल्टो कार और बाइक खड़ी थीं। इस दौरान शाम करीब साढ़े सात बजे हमीरपुर से जट्टारी की ओर से जा रही निजी बस अनियंत्रित हो गई। बस ने पहले बुग्गी को टक्कर मारी। इसके बाद कार और पिकअप को टक्कर मार दी और फिर बाइक को भी चपेट में ले लिया। इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चार घायलों को अस्पताल भर्ती किया गया। जहां दो और लोगों ने दम तोड़ दिया। अन्य दो की भी गंभीर हालत को देखते हुए जेवर के कैलाश अस्पताल में रेफर कर दिया।
हुई मृतकों की पहचान
मृतकों की पहचान बुलंदशहर के सिकंदराबाद निवासी 61 वर्षीय मदनपाल, बुलंदशहर के सिकंदराबाद के नवादा बिरौड़ी निवासी 26 वर्षीय अमर सिंह बुलंदशहर के अनूपशहर के अड़चनपुर निवासी 32 वर्षीय संतोष, हापुड़ के वनखंडी निवासी 25 वर्षीय दिनेश व गौतमबुद्धनगर के दादरी के बंबागढ़ निवासी जयप्रकाश की गई हैं। फिलहाल गांव कुराना निवासी सनी और बाजौती निवासी कुशल गंभीर रूप से घायल हैं।