पटना।बिहार में नगर निकाय चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है। राज्य निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को इसकी घोषणा कर दी है। दो चरणों में 10 अक्टूबर और 20 अक्टूबर को चुनाव होगा। पटना में दूसरे चरण में 20 अक्टूबर को मतदान होगा।
प्रथम चरण का मतदान 10 अक्टूबर को होगा और 12 अक्टूबर को मतगणना होगी। पहले चरण में 88 नगर पंचायत के लिए मतदान होगा। दूसरे चरण के लिए नामांकन कि तिथि 16 सितंबर से 24 सितंबर है । नामांकन वापसी की अंतिम तिथि 27 सितंबर से 29 सितंबर है। 20 अक्टूबर को दूसरे चरण का मतदान होगा और 22 अक्टूबर को चुनाव परिणाम आ जायेगे।
पटना में नगर निगम का चुनाव 20 अक्टूबर को होगा। पटना के नगर परिषद और नगर पंचायत क्षेत्रों में 10 अक्टूबर को चुनाव होना है। यानी पटना जिले में 2 चरण में चुनाव होगा। निकाय चुनाव की घोषणा के तहत पटना के दानापुर,खगौल, मसौढ़ी, संपतचक, मोकामा, फुलवारी शरीफ, पटना, बख्तियारपुर, बिहटा, बाढ़,पालीगंज,फतुहा और पुनपुन में पहले चरण में 10 अक्टूबर को मतदान होंगे। इसमें पालीगंज और पुनपुन नगर पंचायत है जबकि शेष नगर परिषद हैं।
पटना नगर निगम के लिए 20 अक्टूबर को मतदान होगा। नगर निगम के 75 वार्डों में वार्ड पार्षद, मेयर और उप मेयर के लिए जनता सीधे सीधे अपना मतदान करेगी। यानी पहली बार मेयर और उप मेयर का चुनाव जनता अपने वोट से करेगी। इसी तरह नगर परिषद और नगर पंचायत में भी चेयरमैन और उप चेयरमैन यानी सभापति और उप सभापति का चुनाव मतदाताओं के वोट से होगा। मतदाता पार्षद सहित सभापति और उप सभापति के लिए तीन अलग अलग बैलेट से वोट डालेंगे।दोनों चरणों में मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा।चुनाव की घोषणा के साथ ही आचार संहिता भी लागू हो गया है।