बिहार में रामनवमी के दौरान शुरू हुई हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। ताजा मामला सासाराम से है। जहां एक बम ब्लास्ट में 6 लोग घायल हो गए हैं। वहीं दूसरी तरफ नालंदा के बिहारशरीफ के पहाड़पुरा इलाके में भी शनिवार को दो गुट आमने-सामने आ गए। दोनों गुटों के बीच करीब 12 राउंड फायरिंग हुई है। जिसमें एक शख्स की मौत हो गई। जबकि दो घायल है। जिसके बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।
बिहारशरीफ में लगा कर्फ्यू
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने बिहारशरीफ में कर्फ्यू लगाने की घोषणा की है तो वहीं जिले में धारा 144 पहले से लागू है। पुरे शहर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। इसके अलावा रैपिड एक्शन फोर्स भी शहर में गश्त लगा रहे हैं। सासाराम बम ब्लास्ट केस में 2 लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ जारी है। वहीं हिंसा मामले में अब तक कुल 32 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
विस्फोट में 6 लोग घायल
सासाराम के डीएम धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि शहर में शनिवार को हुए बम विस्फोट में छह लोग घायल हो गए। घायल लोगों को अस्पताल ले जाया गया है। फॉरेंसिक टीमें मौके पर मौजूद है। मामले पर हर एंगल से जांच की जा रही है। “विस्फोट के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।”
डीएम ने जानकारी देते हुए बताया कि “विस्फोट एक झुग्गी में हुआ था। इलाके से एक स्कूटी भी बरामद की गई है। वहीं प्रथम दृष्टया से यह एक सांप्रदायिक घटना नहीं लगती है।” घटना के बाद पुलिस टीम, एसटीएफ और पैरा मिलिट्री फोर्स ने सासाराम में फ्लैग मार्च किया।
फायरिंग में एक की मौत, दो घायल
वहीं स्थानीय लोगों की माने तो बिहार में सांप्रदायिक तनाव शनिवार को फिर से बढ़ गया। नालंदा के दो इलाकों में दो गुटों में झड़प हो गई। जिसमें गोली लगने से एक की मौत हो गई और 2 घायल हो गए। स्थानीय लोगों के अनुसार बिहारशरीफ के पहाड़पुर क्षेत्र और सोहसराय थाना क्षेत्र के खासगंज इलाके में झड़पें हुईं। बिहारशरीफ सदर अस्पताल के डॉक्टर महेंद्र कुमार ने बताया कि “पहाड़पुर इलाके में झड़प के दौरान दो लोग घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।”
अब तक 45 लोगों की गिरफ्तारी
इससे पहले 31 मार्च को नालंदा के बिहारशरीफ, रोहतास के सासाराम से झड़प की खबर सामने आई थी। जहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जाने वाले थे। गृह मंत्री अमित शाह का दौरा जिले में झड़पों के बाद धारा 144 लागू होने के कारण रद्द कर दिया गया। पुलिस के अनुसार राज्य में रामनवमी समारोह के बाद गुटों के बीच हुई झड़पों के सिलसिले में अब तक कुल 45 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं अधिकारियों ने जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करते हुए कहा कि “स्थिति शांतिपूर्ण है और यहां धारा 144 लागू कर दी गई है।”
इन सबके बीच देश के गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को पटना पहुंचे हैं। वें रविवार सुबह 11:30 बजे पटना के दीघा में सशस्त्र सीमा बल के उद्घाटन एवं शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होंगे।