नई दिल्ली: बॉलीवुड की कई फिल्मों में जानी बोलकर छा जाने वाले दिवंगत अभिनेता राजकुमार (Rajkumar) अपने डायलॉग के चलते ही नहीं बल्कि अपनी दमदार आवाज के लिए भी जाने जाते थे। उनके चाहने वाले उनके अलग अंदाज के दीवाने थे।
राजकुमार ने हिंदी सिनेमा में अपनी एक अलग ही पहचान बनाई थी। 8 अक्टूबर साल 1926 को जन्में राजकुमार का आज जन्मदिन है। उनके जन्मदिन पर आज जानेंगे उनसे जुड़ी कुछ खास बातों के बारे में।
क्या आप जानते हैं ? राजकुमार का असली नाम क्या था। अगर नहीं तो इसके बारे में आज आपको हम बताते हैं। राजकुमार नाम उनको फिल्मों में आने के बाद मिला था उनका असली नाम “कुलभूषण पंडित” था। अभिनय जगत में काम करने से पहले राजकुमार मुंबई के माहिम थाने में सब इंस्पेक्टर हुआ करते थे।
ऐसे हुई फिल्मों में इंट्री
फिल्म निर्माता बलदेव दुबे (Baldev Dubey) ने राजकुमार को फिल्मों में पहला ब्रेक दिया था। कहते हैं कि एक बार राजकुमार पुलिस स्टेशन में बैठे थे, तभी फिल्म निर्माता बलदेव दुबे वहां अपने किसी काम से पहुंचे थे। राजकुमार का स्टाइल और बात करने का तरीका देखकर बलदेव दुबे उनसे काफी प्रभावित हुए थे। उस दौरान वह फिल्म “शाही बाजार” पर काम कर रहे थे। राजकुमार से अट्रैक्ट होकर उन्होंने उन्हें इस फिल्म में काम करने के लिए कहा था, जिसके बाद राजकुमार मना नहीं कर पाए थे।
इसके बाद शुरू हुआ स्टारडम
बस इसके बाद राजकुमार का दौर शुरू, जिसमें उन्होंने कई सुपरहिट फिल्में दी। इस लिस्ट में नील कमल (Neel Kamal) लाल पत्थर (Lal Patthar) मदर इंडिया (Mother India) मरते दम तक, पाकीजा, सौदागर, हिंदुस्तान की कसम, तिरंगा, वक्त, धर्म काटा, कृष्ण सुदामा, पुलिस और मुजरिम, बेताज बादशाह और रंगीली जैसी फिल्में शामिल थी।
फ्लॉप होने पर भी नही कम करते थे फीस
फ्लॉप होती फिल्मों पर अपना प्राइज न गिराने को लेकर एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि “वो अपने किरदार के साथ पूरा न्याय करते हैं।” “फिल्में फ्लॉप हो सकती हैं लेकिन मैं नहीं।”