नई दिल्ली: इन आंखों की मस्ती के मस्ताने हजारों हैं। फिल्म उमराव जान (Umrao Jaan) का ये गीत काफी हिट हुआ था। फिल्म के गीत के लिरिक्स मशहूर अभिनेत्री रेखा (Rekha) पर सही भी बैठते हैं। आज भी रेखा को बॉलीवुड में और उनके फैंस के बीच काफी पसंद किया जाता है।
उनकी खूबसूरती के चर्चे आज भी होते हैं। उनकी एक झलक पाने के लिए आज भी लोगों की भीड़ जमा हो जाती है। 10 अक्टूबर यानि आज उनके जन्मदिन पर जानेंगे कुछ दिलचस्प किस्सों के बारे में।
सिने जगत में ऐसे की थी शुरूआत
क्या आप जानते हैं, रेखा ने महज 15 साल की उम्र में फिल्मों में काम करना शुरू कर दिया था। 10 अक्टूबूर साल 1954 को चेन्नई में जन्मी रेखा के सर से पिता का हाथ बचपन में ही हट गया था, जिसके बाद उनकी मां पुष्पावली (Pushpavali) ने उनकी परवरिश की। उनकी मां भी एक साउथ एक्ट्रेस थीं।
अपने फिल्मी करियर में रेखा को कई बार प्यार हुआ। सबसे पहले उनका नाम अभिनेता जितेंद्र (Jitendra) के साथ जुड़ा था। उस दौरान जितेंद्र शादी शुदा थे। उनसे अपने रिश्ते को लेकर कई बार रेखा को काफी कुछ सुनना पड़ता था। जितेंद्र को भी अपनी शादी शुदा जिंदगी उलझन में दिख रही थी। इस बात के चलते दोनों ने अपने रिश्ते को यही खत्म करना सही समझा।
इसके बाद उनका नाम अभिनेता विनोद मेहरा (Vinod Mehra) के साथ जुड़ा। दोनों ने एक दूसरे से प्यार के चलते शादी तक कर ली थी। कहा जाता है कि जब विनोद मेहरा रेखा को अपने घर लेकर पहुंचे थे, तो उनकी मां ने रेखा को घर से बाहर निकाल दिया था। इसके बाद उन्होंने (Rekha) विनोद मेहरा से रिश्ता तोड़ दिया था।
अपने टूटे दिल और लाइफ में हो रही उथल-पुथल के बाद फिल्मों में काम करना मुश्किल था लेकिन फिर भी उन्होंने खुद को संभालते हुए काम पर फोकस रखा। इसके बाद उनके जीवन में बिजनेसमैन मुकेश अग्रवाल (Mukesh Agarwal) की इंट्री हुई। दोनों ने जल्द ही शादी भी कर ली थी लेकिन इसके बाद उनके दोनों के रिश्ते बिगड़ने लगे। बताया जाता है कि मुकेश अग्रवाल रेखा को अक्सर प्रताड़ित किया करते थे। साल 1990 में मुकेश ने घर पर पंखे से लटकर आत्महत्या कर ली थी, जिसके बाद रेखा को कई इल्जामों का सामना करना पड़ा था।
अक्षय कुमार के साथ भी जुड़ा नाम
फिल्म खिलाड़ियों का खिलाड़ी में अक्षय कुमार (Akshay Kumar) और रेखा पर्दे पर साथ नज़र आए थे। फिल्म में दोनों की कमाल की जुगलबंदी को देखकर मीडिया में उनके अफेयर की ख़बरें उड़ने लगी थी। दोनों ने कभी इस बात पर कोई बयान नहीं दिया।
अमिताभ बच्चन से प्यार
रेखा और अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) बच्चन की जोड़ी पर्दे पर काफी हिट साबित हुई थी। दोनों के प्यार की ख़बरें तेजी से उठने लगी थी। कहा जाता है कि अमिताभ और रेखा एक दूसरे से बहुत प्यार करते थे लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। दोनों एक दूसरे से अलग हो गए। आज भी ये कहा जाता है कि रेखा अमिताभ बच्चन के नाम का सिंदूर मांग में लगाती हैं ! तो ये थी उनके जीवन से जुड़ी कुछ दिलचस्प बातें।