Gold Rate Today : बुधवार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में गिरावट देखने को मिली और यह बीते तीन हफ्तों के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया। इसकी प्रमुख वजह डॉलर का मजबूत होना बताया जा रहा है। वहीं, निवेशक इस हफ्ते होने वाली यूएस फेडरल रिजर्व की जैक्सन होल संगोष्ठी से मौद्रिक नीति को लेकर आने वाले संकेतों का इंतजार कर रहे हैं। भारत में 22 कैरेट सोने की कीमत ₹91,800 से ₹91,950 प्रति 10 ग्राम के बीच दर्ज की गई, जबकि 24 कैरेट सोना ₹1,00,150 से ₹1,00,300 प्रति 10 ग्राम के दायरे में रहा। दूसरी ओर, घरेलू बाजार में चांदी की कीमत ₹1,15,900 प्रति किलो पर स्थिर रही।
दिल्ली और जयपुर में 22 कैरेट सोना ₹91,950 प्रति 10 ग्राम पर रहा, जबकि अहमदाबाद और पटना में यह ₹91,850 पर दर्ज हुआ। मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद में 22 कैरेट सोना ₹91,800 प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड हुआ। 24 कैरेट सोने की बात करें तो दिल्ली और जयपुर में इसका रेट ₹1,00,300 रहा। अहमदाबाद और पटना में इसकी कीमत ₹1,00,200 रही, जबकि अन्य प्रमुख शहरों में ₹1,00,150 प्रति 10 ग्राम पर कारोबार हुआ।
MCX पर भी दिखी गिरावट
कमोडिटी एक्सचेंज MCX पर भी सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट देखी गई। अगस्त डिलीवरी वाले गोल्ड फ्यूचर्स 0.09% टूटकर ₹98,611 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गए। वहीं, सितंबर डिलीवरी वाली चांदी 0.42% की गिरावट के साथ ₹1,10,880 प्रति किलो पर ट्रेड कर रही थी। सोने और चांदी की कीमतें कई कारकों पर निर्भर करती हैं। सबसे बड़ा असर अंतरराष्ट्रीय बाजार की चाल का होता है। इसके अलावा, भारतीय रुपया डॉलर के मुकाबले कितना मजबूत या कमजोर है, इसका भी दामों पर सीधा असर पड़ता है।
यह भी पढ़ें : मोदी सरकार ने दबाया ‘ऑपरेशन क्लीन’ का बटन, 30 दिन तक जेल…
त्योहारों या शादी-ब्याह के मौसम में मांग बढ़ने से भी कीमतें ऊपर जा सकती हैं। साथ ही, सरकार की टैक्स नीति और इंपोर्ट ड्यूटी जैसे नियम भी सोने-चांदी की कीमतों को प्रभावित करते हैं। इस समय निवेशक सोच में हैं कि ये गिरावट खरीदारी का अच्छा मौका है या कीमतें और नीचे जा सकती हैं। सितंबर में कीमतें कहां जाएंगी, इसका रुख आने वाले अंतरराष्ट्रीय संकेत तय करेंगे।