कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर पिछले कुछ दिनों से सियासत तेज है। आज अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए नामांकन की आखिरी तारीख है। सियासत के इस संग्राम में एक नया मोड आया है। दरअसल अब मल्लिकार्जुन खड़गे की एंट्री हुई है। जानकारी के मुताबिक मल्लिकार्जुन खड़गे कांग्रेस अध्यक्ष पद की रेस में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने गुरुवार रात सोनिया गांधी से मुलाकात भी की है।
खड़गे हाईकमान का पसंदीदा चेहरा
मल्लिकार्जुन खड़गे कर्नाटक से दलित नेता हैं। उन्हें कांग्रेस आलाकमान का पसंदीदा चेहरा माना जा रहा है। हालांकि मल्लिकार्जुन के चुनाव लड़ने को लेकर आखिरी फैसला सोनिया गांधी लेंगी। आपको बता दें कि खड़गे 8 बार विधायक, दो बार लोकसभा सांसद और एक बार राज्यसभा सांसद रहे चुके है। वे कर्नाटक के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री भी रह चुके हैं। वे सिर्फ 2019 में लोकसभा चुनाव हारे हैं। लेकिन इस रेस में वो अकेले नहीं होंगे।
G-23 ग्रुप के लिए उतरेगा अलग से प्रत्याशी
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह और केरल से सांसद शशि थरूर भी आज अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगे। माना जा रहा है मुकुल वासनिक, कुमारी शैलजा भी नामांकन दाखिल कर सकती हैं। वहीं नामांकन वापसी की आखिरी तारीख 8 अक्टूबर रखी गई है। इस बीच G-23 ग्रुप के लिए अलग से प्रत्याशी उतरने की बात भी सामने आई है। मनीष तिवारी पहले से ही चुनाव लड़ने का संकेत दे चुके हैं। राजस्थान सकंट के बाद सीएम अशोक गहलोत ने जंग लड़ने से पहले ही खुद ही मैदान छोड़ दिया है।
दिग्विजय सिंह लड़ेंगे चुनाव
राजस्थान में सियासी ड्रामे के बीच दिग्विजय सिंह ने भी इस रेस में उतरने का ऐलान किया था। हालांकि ये स्पष्ट नहीं हो सका कि दिग्विजय को पार्टी हाईकमान ने समर्थन दिया है या नहीं। दिग्विजय सिंह ने कहा है कि उन्होंने स्वयं चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है। फिलहाल पार्टी हाइकमान दलित उम्मीदवार के नाम पर विचार कर रहा है। जिसमें मल्लिकार्जुन खड़गे का नाम सबसे आगे माना जा रहा है। इसके बाद मीरा कुमार, मुकुल वासनिक और कुमारी शैलजा का नाम भी चर्चा में है।
शशि थरूर VS दिग्विजय सिंह
इसी बीच देर रात G-23 के कुछ नेताओं ने आनंद शर्मा के घर जाकर उनसे मुलाकात की है। जिसके बाद आनंद शर्मा अशोक गहलोत से मिलने दिल्ली के जोधपुर हाउस पहुंचे। शशि थरूर ने गुरुवार को दिग्विजय सिंह के साथ बैठक की। इसी बीच दोनों नेताओं ने कहा कि उनका मुकाबला प्रतिद्वंद्वियों का नहीं बल्कि दोस्तों के बीच होगा। अंत में कांग्रेस की जीत होगी।
शशि थरूर ने गुरुवार को दिग्विजय सिंह के साथ बैठक की। इसी बीच दोनों नेताओं ने कहा कि उनका मुकाबला प्रतिद्वंद्वियों का नहीं बल्कि दोस्तों के बीच होगा। अंत में कांग्रेस की जीत होगी।
वहीं झारखंड में पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी ने भी पार्टी के शीर्ष पद के लिए नामांकन पत्र का एक सेट कलेक्ट किया। बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए 17 अक्टूबर को मतदान होगा और 19 अक्टूबर को परिणाम घोषित किया जाएंगे।