Cricket News: सर्दियों में बढ़ता वायु प्रदूषण अब क्रिकेट के मुकाबलों पर भी असर डालने लगा है। दिल्ली से लेकर पाकिस्तान के लाहौर तक स्मॉग के कारण अंतरराष्ट्रीय मैचों के आयोजन में बदलाव करना पड़ा है। भारत और पाकिस्तान दोनों देशों में खराब हवा के चलते क्रिकेट स्टेडियम बदलने का फैसला लिया गया है।
दिल्ली का मैच विशाखापत्तनम
भारत और श्रीलंका के बीच 13 दिसंबर को होने वाला पहला वनडे मुकाबला अब दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में नहीं खेला जाएगा। BCCI ने इस मैच को विशाखापत्तनम के ACA-VDCA स्टेडियम में कराने का फैसला किया है।
दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ (DDCA) ने संभावित स्मॉग और स्टेडियम में चल रहे रिनोवेशन के काम का हवाला देते हुए मैच को दूसरी जगह कराने की मांग की थी। इसके बाद मुकाबले का वेन्यू बदल दिया गया।
लाहौर से रावलपिंडी मैच
पाकिस्तान में भी प्रदूषण के कारण क्रिकेट मुकाबले का स्थान बदलना पड़ा है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने बुधवार को बताया कि पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच दूसरा टेस्ट अब लाहौर की जगह रावलपिंडी में खेला जाएगा।
इस मुकाबले की तारीखों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। मैच 17 से 21 नवंबर के बीच रावलपिंडी में होगा, जहां फिलहाल दोनों टीमों के बीच पहला टेस्ट खेला जा रहा है।
लाहौर में जहरीली हवा
अक्टूबर से दिसंबर के बीच भारत और पाकिस्तान के कई इलाकों में स्मॉग की समस्या गंभीर हो जाती है। इस समय लाहौर भी प्रदूषण की चपेट में है। स्विस कंपनी IQAir की रिपोर्ट के मुताबिक, 10 नवंबर को लाहौर दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर था।
खराब विजिबिलिटी के कारण मैच के प्रसारण को लेकर भी चिंता बढ़ गई थी। ब्रॉडकास्टर्स ने आशंका जताई थी कि धुंध के चलते टीवी पर मैच की तस्वीरें साफ नहीं दिखाई देंगी। इसी वजह से प्रसारण टीम को लाहौर जाने से रोक दिया गया और PCB को मुकाबले का वेन्यू बदलना पड़ा।
लाहौर का इंतजार बढ़ा
लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम से मैच छिनने के कारण पाकिस्तान में सर्दियों के दौरान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कराने की योजना को झटका लगा है। अगर यह मुकाबला लाहौर में होता तो 2007 के बाद पहली बार एक नवंबर के बाद वहां अंतरराष्ट्रीय मैच खेला जाता। लेकिन प्रदूषण के कारण यह इंतजार और बढ़ गया।
पहले भी बदले मैच
पाकिस्तान में स्मॉग के कारण क्रिकेट मैचों का स्थान बदलने का यह पहला मामला नहीं है। नवंबर 2020 में पाकिस्तान और जिम्बाब्वे के बीच वनडे और टी-20 सीरीज को लाहौर से रावलपिंडी शिफ्ट करना पड़ा था।
वहीं, दिसंबर 2022 में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच होने वाला टेस्ट मुकाबला भी खराब हवा के कारण मुल्तान से कराची स्थानांतरित कर दिया गया था।














