Russia Ukraine Peace Talks: रूस और यूक्रेन के बीच करीब पांच साल से जारी युद्ध को खत्म कराने की कोशिशें तेज हो गई हैं। इस बीच भारत ने भी शांति बहाल करने के लिए दोनों देशों के सामने कुछ अहम सुझाव रखे हैं। इनमें काला सागर में जहाजों की सुरक्षित आवाजाही, अनाज और ऊर्जा का निर्यात जारी रखने तथा एक-दूसरे पर हमला नहीं करने की व्यवस्था शामिल है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारत लगातार इस बात पर जोर देता रहा है कि युद्ध का समाधान बातचीत और कूटनीति से ही निकल सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कई बार संघर्ष समाप्त करने की अपील कर चुके हैं।
अबू धाबी में त्रिपक्षीय वार्ता
भारत के ये सुझाव ऐसे समय आए हैं, जब रूस, यूक्रेन और अमेरिका के बीच संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी में त्रिपक्षीय बातचीत शुरू हुई है। इस बैठक में अमेरिका मध्यस्थता कर रहा है। युद्ध के कारण वैश्विक खाद्य और ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हुई है। ऐसे में काला सागर के रास्ते व्यापार को सुरक्षित रखना बातचीत का अहम मुद्दा बना हुआ है।
जेलेंस्की से पीएम की बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से फोन पर बातचीत की थी। इस दौरान युद्ध, मानवीय मुद्दों और शांति बहाली के प्रयासों पर चर्चा हुई। पीएम मोदी ने संघर्ष का शांतिपूर्ण समाधान निकालने के लिए भारत की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।
जेलेंस्की ने भी बातचीत के बाद कहा कि भारत खाद्य गलियारे स्थापित करने में मध्यस्थता करने के लिए तैयार है। उन्होंने काला सागर के रास्ते अनाज निर्यात प्रभावित होने का मुद्दा भी उठाया।
जयशंकर ने लावरोव से की बात
प्रधानमंत्री मोदी की बातचीत के बाद विदेश मंत्री एस जयशंकर ने रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से चर्चा की। दोनों नेताओं ने संघर्ष समाप्त करने के कूटनीतिक प्रयासों और खाद्य आपूर्ति के लिए इस्तेमाल होने वाले गलियारों पर विचार साझा किए। भारत रूस और यूक्रेन दोनों के संपर्क में बना हुआ है।
पुतिन ने भी की थी तारीफ
यूक्रेन के विदेश मंत्री एंड्री सिबिहा ने करीब एक महीने पहले बताया था कि भारत समेत चार देशों से कीव को संभावित युद्धविराम के प्रस्ताव मिले हैं। वहीं, पिछले महीने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा था कि प्रधानमंत्री मोदी के पास ऐसा समाधान तलाशने के अच्छे विचार हैं, जिसे दोनों पक्ष स्वीकार कर सकें।
काला सागर पर टिकी नजरें
भारत के सुझावों का मुख्य उद्देश्य समुद्री व्यापार को सुरक्षित रखना और खाद्य एवं ऊर्जा आपूर्ति में बाधाएं दूर करना है। अबू धाबी में जारी बातचीत के बीच देखना होगा कि रूस और यूक्रेन इन प्रस्तावों पर कितनी सहमति बनाते हैं और क्या करीब पांच साल पुराने संघर्ष को खत्म करने की दिशा में कोई ठोस रास्ता निकलता है।





















