Site icon News1India

UP T20 League: कानपुर सुपरस्टार्स की हार का सिलसिला जारी,अंक तालिका में सबसे नीचे पहुँची टीम पर किस बल्लेबाज ने जीता दिल

UP T20 League: Kanpur Superstars Struggle Continues:यूपी टी-20 क्रिकेट लीग सीजन-3 में कानपुर सुपरस्टार्स की शुरुआत बेहद खराब रही है। शहरवासियों को उम्मीद थी कि इस बार टीम शानदार प्रदर्शन कर ट्रॉफी अपने नाम करेगी, लेकिन शुरुआती तीनों मैचों में हार ने इन उम्मीदों पर पानी फेर दिया। अब 22 अगस्त को होने वाले मुकाबले में कानपुर का सामना नोएडा सुपर किंग्स से होगा। यह मैच टीम के लिए “करो या मरो” जैसा होगा, क्योंकि जीत से ही उनकी उम्मीदें बची रह सकती हैं।

शुरुआती हार का सिलसिला

टीम को पहले मैच में मेरठ मेवरिक्स के खिलाफ 86 रन से हार मिली। इसके बाद दूसरे मुकाबले में काशी रुद्रांस ने 24 रन से शिकस्त दी और तीसरे मैच में लखनऊ फाल्कंस ने 13 रन से मात दे दी। लगातार तीन हार के बाद अब टीम के सामने मुश्किल हालात खड़े हैं। यदि आने वाले दो मैचों में भी हार मिली तो कानपुर सुपरस्टार्स लीग से बाहर हो जाएगी।

पिछले सीजन यानी 2024 में टीम ने पांच मैच जीते थे और पांच मैच हारे थे, जिसके दम पर वे अंक तालिका में तीसरे स्थान पर रही थीं। इस बार टीम की शुरुआत ने प्रशंसकों को निराश किया है।

अंक तालिका की स्थिति

तीन मैच जीतकर काशी रुद्रांस छह अंक लेकर पहले स्थान पर है, उसका नेट रन रेट +2.700 है। लखनऊ फाल्कंस दो जीत और एक हार के साथ चार अंकों पर दूसरे पायदान पर है, उसका नेट रन रेट +0.374 है। मेरठ मेवरिक्स एक जीत और एक हार के साथ दो अंक लेकर तीसरे स्थान पर है, उसका नेट रन रेट +1.843 है।

गोरखपुर लायंस भी दो मैचों में एक जीत और एक हार के साथ दो अंकों पर चौथे स्थान पर है, जबकि नोएडा सुपर किंग्स तीन मैचों में एक जीत और दो हार के साथ पांचवें स्थान पर हैं। कानपुर सुपरस्टार्स बिना जीत और -2.050 नेट रन रेट के साथ सबसे नीचे है।

आदर्श सिंह की बेहतरीन बल्लेबाजी

हालाँकि टीम लगातार हार रही है, लेकिन कानपुर के बल्लेबाज आदर्श सिंह का प्रदर्शन शानदार रहा है। दूसरे मैच में उन्होंने काशी रुद्रांस के खिलाफ शतक (100 रन) लगाया। वहीं तीसरे मैच में लखनऊ फाल्कंस के खिलाफ उन्होंने 81 रन की शानदार पारी खेली। हार के बावजूद उनकी बल्लेबाजी ने शहरवासियों को खुशी और गर्व का अहसास कराया।

आगे की चुनौती

अब टीम को अपनी कमजोरियों को सुधारते हुए आने वाले मैचों में जीत दर्ज करनी होगी। खासकर गेंदबाजी और फील्डिंग में सुधार करना जरूरी है, ताकि बल्लेबाजों की मेहनत बेकार न जाए। शहरवासी उम्मीद कर रहे हैं कि नोएडा सुपर किंग्स के खिलाफ होने वाले मैच से टीम वापसी की शुरुआत करेगी।

अधिक जानकारी के लिए इस लिंक पर जाएं https://www.upca.tv

Exit mobile version