नई दिल्ली ऑनलाइन डेस्क। दुनिया में कई नस्ल के शेर हैं, जिनके किस्से अजब-गजब के हैं, लेकिन यूगांडा के जंगल से एक ऐसी तस्वीर सामने निकल कर आई है, जो सोशल मीडिया पर गर्दा उड़ाए हुए है। ये तस्वीर तीन पैर और एक आंख वाले शेर की है। जिसका नाम जैकब बताया जा रहा है। शेर अपने भाई भाई तिबू के साथ मिलकर शिकार करता है। उसने शिकार का तरीका भी इजाद किया है। तिबू शिकार भगाता है तो वहीं जैकब छिपकर झपट्टा मार कर शिकार का काम तमाम कर देता है।
युगांडा के जंगलों में जैकब नाम का एक शेर रहता है। शेर की उम्र 11 साल की है। मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि कुछ साल पहले शिकारियों ने फंदा बिछाया था। जैकब का एक पैर उसमें फंस गया। पैर इतना खराब हो गया कि डॉक्टरों ने काट दिया। उसके बाद एक पानी के भैंसे ने सींग मारकर उसकी एक आंख फोड़ दी। सब सोचते थे कि अब यह शेर ज्यादा दिन नहीं जी पाएगा,. लेकिन जैकब ने सबको गलत साबित कर दिया है। जैकब शेर शान से जंगलों में रहता है और अजब-गजब तरीके से शिकार कर अपना पेट भरता है।
आमतौर पर ऐसा घायल शेर मर जाता है या दूसरों के बचे हुए शिकार खाता है। या गाय-भैंस चुराकर खाता है। लेकिन जैकब के पास सिर्फ उसका भाई तिबू है। दोनों मिलकर रहते हैं। दोनों खुद शिकार करते हैं। जैकब झुंड के बजाए अपने भाई के साथ ही रहता है। पिछले साल जैकब और तिबू ने दुनिया को हैरान कर दिया था। दोनों भाइयों ने मगरमच्छों से भरी नदी में 1.5 किलोमीटर तैरकर पार किया। शेरों का इतना लंबा तैरना कभी रिकॉर्ड नहीं हुआ था। जैकब शेर सालों से जिंदा है और अब वैज्ञानिकों ने पता लगाया है कि वह शिकार करने का एकदम नया और चालाक तरीका अपना रहा है।
जैकब शेर और तिबू मिलकर शिकार को घेरते हैं। तिबू तेज दौड़कर शिकार को जैकब की तरफ भगाता है। जैकब पहले से छिपकर बैठा रहता है। जैसे ही शिकार पास आता है, वह झपट्टा मारता है। गले या पीठ पर हमला कर देता है। तीन पैर होने के बावजूद वह बहुत ताकतवर हमला करता है और शिकार को गिरा देता है। वैज्ञानिक कहते हैं कि यह तरीका बिल्कुल नया है। शेरों में पहले कभी ऐसा नहीं देखा गया। इसे एम्बुश हंटिंग की नई स्टाइल कह रहे हैं। वैज्ञानिक बताते हैं कि जैकब शेर ने खुद को जंगल में जिंदा रहने के लिए तैयार किया। उसकी अंदर की शक्ति ने उसे जंगल में लड़ने लायक बनाया।
क्वीन एलिजाबेथ नेशनल पार्क के रिसर्चर डॉ. अलेक्स ब्रैक्सटन ने कहा कि हम सोचते थे कि जैकब सिर्फ भाई की मदद से या मरे हुए जानवर खाकर जिएगा। लेकिन वह खुद बड़ा-बड़ा शिकार कर रहा है। यह प्रकृति की अद्भुत ताकत दिखाता है कि जानवर कितनी जल्दी खुद को बदल लेते हैं। एक और विशेषज्ञ ने कहा कि जैकब ने साबित कर दिया कि विकलांगता सफलता की राह नहीं रोक सकती। उसकी जिंदगी हमें इंसानों को भी सिखाती है।
