Outer Delhi Mukundpur Hit and Run:मुकुंदपुर फ्लाइओवर पर हुए हिट-एंड-रन हादसे के 48 घंटे बीत जाने के बावजूद पुलिस अब तक आरोपी कार और चालक का पता नहीं लगा सकी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटनास्थल पर कोई सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं, इसलिए पुलिस लगभग पांच किलोमीटर के इलाके के आसपास लगे कैमरों की जांच कर रही है। अभी तक कोई ठोस सफलता हाथ नहीं लगी है।
घटनास्थल से मिले सुराग
पुलिस को घटनास्थल पर रेत और पत्थर के टुकड़े भी मिले हैं। जांच में यह संभावना जताई जा रही है कि बाइक पहले पत्थर या रेत पर फिसल गई होगी, जिससे संतुलन बिगड़ा और बाइक गिर गई। इसके बाद किसी तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवारों को कुचल दिया। पुलिस मामले के हर पहलू से जांच कर रही है और दावा किया गया है कि जल्द ही आरोपी वाहन और चालक का पता लगा लिया जाएगा।
प्रत्यक्षदर्शियों की बातें
एक प्रत्यक्षदर्शी, ऑटो चालक सचिन, ने बताया कि वे रोहिणी स्थित ईएसआई अस्पताल से बुराड़ी जा रहे थे। रात करीब 11:30 बजे मुकुंदपुर फ्लाइओवर पर पहुंचे तो देखा कि तीन लोग बाइक पर सवार थे, जिन पर सफेद स्विफ्ट कार तेज़ रफ्तार से टकराई और भाग गई। ऑटो चालक ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस थोड़ी देर में घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन एंबुलेंस आने में देरी हुई। दूसरे प्रत्यक्षदर्शी, मोहम्मद शाकिर, ने बताया कि टिकरी बॉर्डर से भजनपुरा की ओर जा रहे थे। रात 11:35 बजे उन्होंने देखा कि बाइक पर सवार बुजुर्ग व्यक्ति का सिर बुरी तरह फटा हुआ था और उसका काफी खून बह रहा था। बाइक पर साथ बैठे बच्चे का चेहरा बुरी तरह कुचल चुका था, जबकि दूसरा युवक गंभीर घायल था। सभी लोगों से मदद की गुहार लगाई गई, लेकिन किसी ने हाथ नहीं बढ़ाया और एंबुलेंस लगभग आधे घंटे बाद पहुंची।
लोग वीडियो बनाते रहे, मदद नहीं की
प्रत्यक्षदर्शियों ने यह भी बताया कि घटनास्थल पर 30 से 40 लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने मदद की बजाय वीडियो बनाने में समय लगाया। अगर मदद की गई होती तो घायल युवकों को समय रहते अस्पताल पहुंचाया जा सकता था। दुर्भाग्यवश, सभी घायल घटनास्थल पर ही दम तोड़ गए।
हादसे का विवरण
बीते रविवार देर रात, मुकुंदपुर फ्लाइओवर पर एक तेज रफ्तार कार ने एक ही बाइक पर सवार बाप-बेटे और नाती को टक्कर मार दी। हादसे के तुरंत बाद, दूसरी कार ने भी बाइक सवारों को कुचल दिया। जिससे सभी की मौत घटनास्थल पर ही हो गई।
मृतकों की पहचान
हादसे में मृतकों की पहचान यमुनापार नार्थ घोंडा निवासी मोहम्मद शाहिद (60), उनके बेटे मोहम्मद फैज (28) और नाती हमजा (12) के रूप में हुई है।














