Severe Cold Wave Across India: देश के बड़े हिस्से में इस समय जबरदस्त ठंड पड़ रही है। शुक्रवार को भी उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के कई इलाकों में शीतलहर और घना कोहरा बना रहा। ठंड और कोहरे की वजह से आम लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई है। सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए, वहीं ट्रेन और फ्लाइट सेवाओं पर भी इसका सीधा असर पड़ा।
लगातार हो रही बर्फबारी से ठंड बढ़ी
जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में लगातार हो रही बर्फबारी से ठंड और बढ़ गई है। हालांकि, बर्फ की चादर से ढके पहाड़ों को देखकर सैलानी काफी खुश नजर आए। कश्मीर घाटी में तापमान लगातार गिर रहा है, जिससे शीतलहर जैसी स्थिति बनी हुई है। श्रीनगर में डल झील के आसपास पर्यटकों की मौजूदगी देखी गई।
हरिद्वार में ठंड के साथ घना कोहरा
उत्तराखंड की धार्मिक नगरी हरिद्वार में भी ठंड के साथ घना कोहरा छाया रहा। सुबह से ही ठंडी हवाएं चलती रहीं। कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम हो गई, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई।
यूपी, M P, कोहरे की घनी चादर से ढका
उत्तर प्रदेश के कई शहरों में भी ठंड और कोहरे का असर साफ दिखा।यूपी और एमपी में शीतलहर का प्रकोप बना रहा। कानपुर, प्रयागराज और मुरादाबाद में लोग खुद को गर्म रखने के लिए अलाव का सहारा लेते नजर आए। अयोध्या में कोहरे की वजह से सामने का रास्ता देखना मुश्किल हो गया। वाराणसी में भी सुबह और रात के समय ठंड ज्यादा महसूस की गई। हालांकि, आगरा में कोहरा अपेक्षाकृत कम रहा, जिससे ताजमहल साफ दिखाई देता रहा।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में पूरा शहर कोहरे की चादर में लिपटा रहा। जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में पीर पंजाल पर्वत श्रृंखला में भारी हिमपात हुआ, जिससे इलाके में ठंड और बढ़ गई। एक पर्यटक ने बताया कि उन्होंने नया साल श्रीनगर में मनाया और पहलगाम में हल्की बर्फबारी भी देखी। उनका कहना था कि यहां का मौसम सुहावना है और प्रदूषण बिल्कुल नहीं है।
पूर्वी भारत में मौसम का असर
पूर्वी भारत में भी मौसम का असर गंभीर बना हुआ है। ओडिशा में भुवनेश्वर, खुर्दा और आसपास के इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने खुर्दा और कटक समेत कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कई जगहों पर दृश्यता घटकर सिर्फ 50 मीटर रह गई।
कोहरे और स्मॉग की वजह से परिवहन सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं। भुवनेश्वर के बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ानों में देरी हुई। वहीं, उत्तर भारत से आने वाली कई लंबी दूरी की ट्रेनें तीन से दस घंटे तक लेट चलीं। नेशनल हाईवे-16 पर हालात काफी खतरनाक बने रहे। मौसम विभाग का कहना है कि अधिक नमी और हवा की धीमी रफ्तार के कारण यह स्थिति फिलहाल बनी रह सकती है। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के कुछ हिस्सों में भी ठंड के साथ हल्का कोहरा देखा गया।
