Ed Sheeran: ब्रिटिश सिंगर एड शीरन का बॉलीवुड से खास कनेक्शन सामने आया है। उन्होंने शाहरुख खान की अपकमिंग फिल्म ‘किंग’ के गाने ‘तू मिल जाए’ के लिए हिंदी में अपनी आवाज दी है। सिंगर ने सोशल मीडिया पर एक बीटीएस वीडियो शेयर कर गाने की मेकिंग से जुड़ा दिलचस्प किस्सा बताया। एड की इस पोस्ट पर शाहरुख खान ने भी प्रतिक्रिया दी और उनके साथ काम करने के लिए आभार जताया।
शाहरुख खान से मुलाकात के बाद मिला बॉलीवुड गाने का मौका
एड शीरन ने इंस्टाग्राम पर वीडियो के साथ एक लंबा नोट साझा किया। उन्होंने बताया कि जब पहली बार उनकी मुलाकात शाहरुख खान से हुई थी, तब अभिनेता ने उनसे अपनी अगली फिल्म के लिए गाना बनाने की बात कही थी। एड के मुताबिक, यह उनका पहला बॉलीवुड गाना भी है।
सिंगर ने अपने पिछले इंडिया टूर का किस्सा साझा करते हुए बताया कि वह शाहरुख खान के घर गए थे। वहां उन्हें अभिनेता के म्यूजिक वीडियो ‘सैफायर’ में कैमियो करने का मौका मिला था।
सचिन-जिगर के साथ उसी रात रिकॉर्ड किया गाना
एड शीरन ने बताया कि शाहरुख खान ने उसी मुलाकात के दौरान उन्हें म्यूजिक कंपोजर जोड़ी सचिन-जिगर से मिलवाया। इसके बाद उन्होंने फिल्म ‘किंग’ के गाने ‘तू मिल जाए’ के लिए अपना हिस्सा लिखा और उसी रात रिकॉर्ड भी कर लिया।
सिंगर ने अरिजीत सिंह के साथ काम करने पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट में उनके पसंदीदा कलाकारों के साथ काम करने का मौका मिला है।
एड शीरन की पोस्ट पर शाहरुख खान ने दिया रिएक्शन
एड शीरन के वीडियो और पोस्ट पर शाहरुख खान ने भी प्रतिक्रिया दी। अभिनेता ने फिल्म के संगीत का हिस्सा बनने के लिए सिंगर का शुक्रिया अदा किया। एड के हिंदी में गाने को लेकर फैंस के बीच भी उत्सुकता बढ़ गई है।
फिल्म ‘किंग’ में नजर आएंगे शाहरुख खान
शाहरुख खान के जन्मदिन पर फिल्म जगत की कई हस्तियों ने उन्हें बधाई दी। अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने भी एक्स पर एक दिन बाद जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए इसकी मजेदार वजह बताई। उन्होंने लिखा कि शाहरुख को जानबूझकर देर से बधाई दी, क्योंकि उनका घर जन्मदिन पर लोगों से भरा होगा।
शाहरुख खान अगली बार फिल्म ‘किंग’ में नजर आएंगे। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही काफी उत्सुकता है।
























