Mirzapur The Movie को लेकर फैंस के बीच काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। मेकर्स ने 31 अगस्त से फिल्म की एडवांस बुकिंग शुरू की थी। सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, 2 सितंबर सुबह तक फिल्म के पहले दिन के लिए 68 हजार से ज्यादा टिकट बिक चुके थे।इन टिकटों से फिल्म ने करीब 1.98 करोड़ रुपये की कमाई कर ली थी। वहीं, ब्लॉक सीटों को शामिल करने पर एडवांस बुकिंग का आंकड़ा करीब 3.34 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
4 सितंबर को रिलीज होगी फिल्म
‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। रिलीज से पहले अभी दो दिन बाकी हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि फिल्म की एडवांस बुकिंग में और तेजी आ सकती है और टिकटों की बिक्री का आंकड़ा एक लाख के पार पहुंच सकता है।
फिल्म को मिल रहे शुरुआती रिस्पॉन्स से बॉक्स ऑफिस पर इसके अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद बढ़ गई है।
सीरीज की कहानी अब बड़े पर्दे पर
‘मिर्जापुर: द मूवी’ का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है। फिल्म का निर्माण फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी की कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट ने किया है।फिल्म की सबसे बड़ी खासियत इसका लोकप्रिय ‘मिर्जापुर’ फ्रेंचाइजी से जुड़ा होना है। वेब सीरीज के बड़े फैन बेस की वजह से फिल्म को लेकर पहले से ही काफी चर्चा है। सीरीज के प्रमुख कलाकार पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु शर्मा फिल्म में भी नजर आएंगे।
2018 में शुरू हुई थी फ्रेंचाइजी
‘मिर्जापुर’ वेब सीरीज का पहला सीजन 2018 में प्राइम वीडियो पर रिलीज हुआ था। इसके बाद 2020 में दूसरा और 2024 में तीसरा सीजन आया। दर्शक अब चौथे सीजन का भी इंतजार कर रहे हैं।मेकर्स चौथे सीजन पर भी काम कर रहे हैं, लेकिन उससे पहले फ्रेंचाइजी की कहानी फिल्म के जरिए बड़े पर्दे पर पहुंच रही है। ऐसे में फिल्म की रिलीज को लेकर दर्शकों की उत्सुकता लगातार बढ़ रही है।










