Tamil Cinema: तमिल सुपरस्टार विजय के फिल्मी करियर की आखिरी फिल्म ‘जन नायकन’ सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। फिल्म की रिलीज के साथ ही पूरे तमिलनाडु में जश्न का माहौल देखने को मिला। विजय के प्रशंसकों और उनकी राजनीतिक पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के कार्यकर्ताओं ने इसे एक उत्सव की तरह मनाया। सोशल मीडिया पर थिएटरों के बाहर भारी भीड़ और फैंस के जश्न के कई वीडियो वायरल हो रहे हैं।
थिएटरों में दिखा उत्सव जैसा माहौल
चेन्नई के वुडलैंड्स, कैसीनो समेत कई प्रमुख सिनेमाघरों में फिल्म की रिलीज पर विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। रात के आसमान में लेजर शो किया गया और फैंस ढोल-नगाड़ों व जोशीले गानों पर झूमते नजर आए। बुधवार देर रात कुछ सिनेमाघरों के बाहर ड्रोन शो भी आयोजित किया गया, जहां दर्शक सुबह के पहले शो का इंतजार करते दिखाई दिए।
शहरभर में लगे विजय के कटआउट
फिल्म की रिलीज के अवसर पर चेन्नई और आसपास के इलाकों में विजय के बड़े-बड़े कटआउट लगाए गए। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विजय ने बुधवार शाम अधिकारियों के साथ फिल्म की एक विशेष स्क्रीनिंग भी देखी।
फिल्म में नजर आए कई बड़े सितारे
‘जन नायकन’ में विजय के साथ पूजा हेगड़े, बॉबी देओल, ममिता बैजू, गौतम वासुदेव मेनन, प्रकाश राज और नारायण जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। फिल्म को विजय के अभिनय करियर की विदाई फिल्म माना जा रहा है, क्योंकि वह अब सक्रिय राजनीति पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।








