Air Pollution Health Effects: दिवाली में जलने वालों पटाखों से निकलने वाला धुआं और जहरीले रासायनिक कण वायु प्रदूषण को बढ़ा सकते हैं। इसका असर खासतौर पर अस्थमा, सीओपीडी और सांस की दूसरी बीमारियों से जूझ रहे लोगों पर पड़ता है। प्रदूषण के कारण खांसी, गले में खराश, एलर्जी और सांस फूलने जैसी परेशानियां बढ़ सकती हैं। ऐसे में डॉक्टरों ने सांस के मरीजों को सावधानी बरतने और अपनी दवाएं नियमित लेने की सलाह दी है।
पटाखों से सेहत को कैसे पहुंचता है नुकसान?
आतिशबाजी से निकलने वाले धुएं में मौजूद सूक्ष्म कण और रासायनिक प्रदूषक फेफड़ों तक पहुंच सकते हैं। इससे सांस की नाली में सूजन और एलर्जी हो सकती है जिससे सांस लेने में परेशानी हो सकती है। पटाखों के कारण वायु के साथ जल और ध्वनि प्रदूषण भी बढ़ता है। इसके अलावा तेज आवाज से सुनने की क्षमता प्रभावित होने और दुर्घटनाओं में जलने जैसी चोटों का खतरा रहता है।
केजीएमयू लखनऊ के रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. सूर्यकांत के मुताबिक, पटाखों से निकलने वाली जहरीली गैसें सिरदर्द, माइग्रेन, आंख और नाक की एलर्जी तथा हृदय संबंधी समस्याओं का जोखिम बढ़ा सकती हैं।
सर्दियों में क्यों बढ़ जाती है सांस की परेशानी?
सर्दियों में हवा की गति कम होने और कोहरे के कारण प्रदूषक वातावरण में लंबे समय तक बने रह सकते हैं। दिवाली के बाद प्रदूषण बढ़ने पर गले में खराश, खांसी और सांस फूलने की शिकायतें भी बढ़ सकती हैं।
अस्थमा और सीओपीडी के मरीजों के लिए पीएम2.5 और पीएम10 जैसे सूक्ष्म कण विशेष रूप से नुकसानदायक हो सकते हैं। ये कण फेफड़ों में गहराई तक पहुंचकर सूजन और सांस की नलियों में रुकावट पैदा कर सकते हैं। इससे सीने में जकड़न, लगातार खांसी और अस्थमा का दौरा पड़ने का खतरा बढ़ सकता है।
सांस के मरीज इन सावधानियों का रखें ध्यान
प्रदूषण में बाहर निकलने से बचें: प्रदूषण का स्तर अधिक होने पर घर के अंदर रहें। सुबह की सैर और खुले में व्यायाम टालें।
मास्क लगाएं: बाहर जाना जरूरी हो तो अच्छी फिटिंग वाला N95 मास्क पहनें।
दवाएं नियमित लें: डॉक्टर की सलाह के अनुसार इनहेलर और अन्य निर्धारित दवाओं का इस्तेमाल जारी रखें।
धूल और रसायनों से दूरी रखें: सफाई, पेंटिंग और वार्निश के काम के दौरान निकलने वाली धूल और गंध से बचें।
डॉक्टर से संपर्क करें: सांस फूलने, सीने में जकड़न या खांसी बढ़ने पर चेस्ट रोग विशेषज्ञ से सलाह लें।





















