नई दिल्ली। आज से शुरू हो रहे संसद के बजट सत्र से पहले भारत के GDP को लेकर एक बड़ी खबर समाने आई है। दरअसल IMF यानी अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष ने फाइनेंसियल ईयर 2024-25 के लिए भारत का जीडीपी ग्रोथ 6.5 % रहने की उम्मीद जताई है। इससे पहले IMF ने अक्टूबर में भारत का जीडीपी ग्रोथ रेट 6.3 फीसदी रहने का अनुमान लगाया था, लेकिन संस्था द्वारा जनवरी में जारी आँकड़े में 20 बेसिक प्वाइंट बढ़ाकर इसे 6.5 % रहने का अनुमान जताया है। आईएमएफ का मानना है कि भारत में विकास दर 2024 और 2025 दोनों में 6.5 फीसदी रहेगा जो की देश में घरेलू स्तर पर बढ़ी हुई डिमांड को दर्शाता है। भारत की वैश्विक वृद्धि में भी बढ़ोतरी की उम्मीद है, भारत के लिए यह ग्रोथ 3.1% रहेगी।
विश्व की सबसे मजबूत अर्थव्यवस्था में भारत
संस्था द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार विश्व की अन्य प्रमुख अर्थव्यवस्था के अनुमान भी लगाया है। IMF के मुताबिक, अमेरिका की विकास दर 2.1%, जर्मनी की विकास दर 0.5%, फ्रांस की विकास दर 1 %, जापान की विकास दर 0.9 % और चीन की विकास दर 4.6 % रहेगी। आँकड़े के अनुसार भारत आने वाले समय विश्व की सबसे मजबूत अर्थव्यवस्था में शामिल होने वाला है।
वित्त मंत्रालय का अनुमान भी GDP में ग्रोथ
बजट पेशी से पहले वित्त मंत्रालय ने अपनी मासिक समीक्षा रिपोर्ट में कहा था कि, इस अप्रैल से शुरू होने वाले वित्तीय वर्ष 2024-25 में भारतीय अर्थव्यवस्था का ग्रोथ 7% रहने का अनुमान जताया है। भारत के इस ग्रोथ के पीछे घरेलू मांग की मजबूती है। जिसके कारण पिछले तीन वर्षों में देश की अर्थव्यवस्था 7 % से अधिक रहने का अनुमान है। भारत की अर्थव्यवस्था 2022-23 में 7.2 प्रतिशत और 2021-22 में 8.7 प्रतिशत रही थी। और चालू वित्त वर्ष 2023-24 में 7.3 प्रतिशत बढ़ने की उम्मीद है।