New Jersey Roof Collapse: अमेरिका के न्यू जर्सी से एक बड़ा हादसा सामने आया है। सोमवार को खराब मौसम और लगातार हो रही भारी बारिश के बीच एक मशहूर सुपरमार्केट की छत का बड़ा हिस्सा अचानक गिर गया। उस समय स्टोर के अंदर कई लोग खरीदारी कर रहे थे। छत गिरते ही अफरा-तफरी मच गई और कुछ लोग मलबे के बीच फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गया और तेजी से बचाव अभियान शुरू किया गया।
अचानक गिरी छत, मची अफरा-तफरी
यह घटना न्यू जर्सी के मनमथ काउंटी के ओशन टाउनशिप स्थित बीजे होलसेल क्लब में हुई। सुबह करीब 11:15 बजे लोग सामान्य तरीके से खरीदारी कर रहे थे। तभी अचानक छत का एक बड़ा हिस्सा भरभराकर नीचे गिर पड़ा। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि छत गिरने के साथ ही स्टोर के अंदर तेजी से पानी भरने लगा और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
27 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
रिपोर्ट के अनुसार, हादसे के समय सुपरमार्केट के अंदर कुल 27 लोग मौजूद थे। छत गिरने के बाद पूरे स्टोर में चीख-पुकार मच गई। अधिकारियों ने बताया कि दो लोग मलबे में आंशिक रूप से फंस गए थे, लेकिन उन्होंने खुद ही बाहर निकलने में सफलता हासिल की। राहत की बात यह रही कि इस बड़े हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई और सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
ड्रोन और डॉग स्क्वायड से हुई जांच
हादसे के बाद प्रशासन ने बड़ी संख्या में बचाव टीमों को मौके पर भेजा। पुलिस और शेरिफ कार्यालय की टीमों ने यह सुनिश्चित करने के लिए दो बार तलाशी अभियान चलाया कि कहीं कोई व्यक्ति अंदर फंसा तो नहीं है। इसके लिए आधुनिक इनडोर ड्रोन का इस्तेमाल किया गया, जिसने इमारत के अंदर की तस्वीरें जुटाईं। इसके साथ ही न्यू जर्सी अर्बन सर्च एंड रेस्क्यू की के-9 यानी डॉग स्क्वायड टीम ने भी मलबे की गहन जांच की।
प्रशासन ने लोगों से की अपील
मनमथ काउंटी के शेरिफ शॉन गोल्डेन ने खराब मौसम के बावजूद तेजी से राहत कार्य करने वाली टीमों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह हादसा दिखाता है कि खराब मौसम कभी भी गंभीर खतरे का रूप ले सकता है। वहीं, ओशन टाउनशिप के पुलिस प्रमुख माइकल सोरेंटिनो ने लोगों से अपील की कि वे फिलहाल इस इलाके से दूर रहें, ताकि राहत और जांच का काम बिना किसी बाधा के पूरा किया जा सके।


