न्यूयॉर्क के लोअर मैनहैटन में रविवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में भारतीय मूल की 24 वर्षीय महिला और उसके नेपाली-अमेरिकी दोस्त की मौत हो गई। दोनों स्प्रिंग स्ट्रीट सबवे स्टेशन पर पटरी पर बैठे थे, तभी दक्षिण दिशा से आ रही नंबर-4 ट्रेन ने उन्हें चपेट में ले लिया। हादसा सुबह करीब 3:14 बजे हुआ।
पटरी पर बैठे थे दोनों
मृतकों की पहचान न्यू जर्सी की रहने वाली मलाइका चित्रे और नवम कौल के रूप में हुई है। दोनों की उम्र 24 साल थी और उन्होंने रटगर्स यूनिवर्सिटी में साथ पढ़ाई की थी। घटना से कुछ देर पहले दोनों को रेलवे ट्रैक पर बैठे और आपस में बातचीत करते हुए देखा गया था। एक राहगीर द्वारा बनाया गया वीडियो भी सामने आया है।
ड्राइवर ने ब्रेक लगाया
रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रेन चालक ने पटरी पर दोनों को देखा और इमरजेंसी ब्रेक लगाने की कोशिश की। हालांकि ट्रेन को समय रहते रोकना संभव नहीं हो सका। ट्रेन की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद करीब 100 यात्रियों को ट्रेन से बाहर निकाला गया।
महिला हंसती दिखी
घटना से पहले के वीडियो में मलाइका को हंसते हुए और नवम को अपनी ओर खींचते हुए देखा गया। ट्रेन ऑपरेटर ने भी अधिकारियों को बताया कि उसने महिला को हंसते हुए देखा था। इससे हादसे की परिस्थितियां और भी सवालों के घेरे में आ गई हैं। हालांकि वीडियो से यह तय नहीं होता कि दोनों पटरी पर क्यों पहुंचे थे।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दोनों रेलवे ट्रैक पर कैसे पहुंचे। शुरुआती रिपोर्टों में यह संभावना भी सामने आई है कि एक व्यक्ति पहले पटरी पर गिरा और दूसरा उसे बचाने के लिए नीचे उतरा हो सकता है। अधिकारियों ने नशे या अन्य परिस्थितियों की भूमिका की भी जांच की है। अभी तक घटना को आत्महत्या मानने की पुष्टि नहीं हुई है और जांच जारी है।




