नई दिल्ली: चार साल के लंबे गेप के बाद शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) ने पठान से कमबैक किया था। उनके लिए साल 2023 काफी अच्छा रहा। शाहरुख खान के लिए पठान और जवान जैसी फिल्में जैकपॉट साबित हुई। इन दोनों ही फिल्मों ने 1000 करोड़ से ज्यादा की कमाई की। ये कहना बिल्कुल भी गलत नहीं होगा कि साल 2023 शाहरुख खान के ही नाम रहा है।
अभी हाल ही में अपने जन्मदिन के मौके पर किंग खान ने अपने सभी फैंस को सरप्राइज दिया था। शाहरुख ने 2 नवंबर यानी अपने जन्मदिन पर अपनी आने वाली फिल्म डंकी (Dunki) का पहला टीजर रिलीज किया था। टीजर को सोशल मीडिया पर काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिला है और फैंस शाहरुख की नई फिल्म को लेकर काफी एक्साइटेड भी हैं।
आपको बता दें, इस फिल्म का निर्देशन राजकुमार हिरानी ने किया है। शाहरुख और राजकुमार हिरानी पहली बार एक साथ काम करने जा रहे हैं। जब से फिल्म की अनाउंसमेंट हुई है तभी से इसकी कहानी को लेकर तरह-तरह की बातें सुनने को मिल रही हैं। टीजर से साफ था कि फिल्म में भारत से अवैध तरीके से आए लोगों पर टिप्पणी की जाएगी।
अब हाल ही में इस फिल्म को लेकर मशहूर लेखक जावेद अख्तर (Javed Akhtar) ने टिप्पणी की है। दरअसल जावेद अख्तर ने इस फिल्म के लिए एक गाना लिखा है। उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि ये गाना फिल्म का सबसे अहम गाना है और फिल्म का अंत इसी गाने पर निर्भर करता है।
इंटरव्यू के दौरान जावेद अख्तर ने कहा, मैंने इस फिल्म के लिए सिर्फ एक गाना लिखा है। फिल्म उसी गाने पर खत्म होगी। यह आखिरी गाना है और फिल्म की पूरी थीम उसी गाने से पेश की गई है। राजकुमार हिरानी चाहते थे कि मैं एक गाना लिखूं। उम्मीद है आपको गाना बेहद पसंद आएगा। गाने को प्रीतम ने बेहतरीन तरीके से कंपोज किया है।
ये भी पढ़ें :- टीम इंडिया के वर्ल्ड कप 2023 हारने के बाद अभिनेता Amitabh Bachchan क्यों होने लगे ट्रोल ?
आपको बता दें शाहरुख खान के सभी फैंस उनकी इस नई फिल्म के रिलीज होने का इंतजार कर रहे हैं। 22 दिसंबर को ये फिल्म सभी सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी। अब देखना ये होगा कि क्या रिलीज के बाद पठान और जवान जैसी सक्सेस भी डंकी को मिल पाएगी।