झांसी के इलाइट चौराहे पर तेज धूप में एक महिला और उसका पूरा परिवार धरने पर बैठ गया। हाथों में तख्ती और प्रार्थना पत्र लिए परिवार बीच सड़क पर प्रदर्शन कर रहा और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करता हुआ दिखाई दे रहा है। साथ ही पीड़ित महिला वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगा रही है।
झांसी के प्रेम नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत रहने वाली किरण अहिरवार नाम की महिला ने बताया कि उसके बेटे के साथ कुछ लोगों द्वारा मारपीट की गई थी। जिसके खिलाफ उसने प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन पुलिस द्वारा कोई कार्यवाई नहीं की गई। जब इसकी शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से की तब जाकर उसके घायल बेटे का मेडिकल कराया गया था।
अब पुलिस विपक्षी लोगों के साथ मिलकर फर्जी मुकदमें में फंसाने का प्रयास कर रही है। इससे पहले भी एक लड़की के माध्यम से फंसाने का प्रयास किया गया था। जिसमें लड़की द्वारा 50,000 तथा थाने में तैनात सिपाही द्वारा ₹35000 ऐठ लिए गए थे। लगातार पुलिस द्वारा किए जा रहे उत्पीड़न से तंग आकर पीड़ित महिला ने झांसी के लाइट चौराहे पर धरना प्रदर्शन कर दिया और झांसी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।