Kanpur Bank Viral Video Case: उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक निजी बैंक की महिला कर्मचारी और महिला ग्राहक के बीच तीखी बहस दिखाई दे रही है।
बताया जा रहा है कि यह घटना पनकी थाना क्षेत्र में स्थित एक निजी बैंक की शाखा का है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया है और लोग इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
बैंक में हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, बैंक में काम करने वाली आस्था सिंह नाम की महिला कर्मचारी किसी बात को लेकर एक महिला कस्टमर से भिड़ गईं। पहले दोनों के बीच सामान्य बहस हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला गरम हो गया।
बहस बढ़ने पर महिला कर्मचारी गुस्से में आ गईं और ऊंची आवाज में बोलने लगीं। उसी दौरान वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरा घटनाक्रम अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वायरल वीडियो में क्या दिखा
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला कर्मचारी काफी गुस्से में नजर आ रही हैं। वह ग्राहक से तीखी भाषा में बात कर रही हैं और खुद को ठाकुर बताते हुए धमकी देती दिखाई दे रही हैं। वीडियो में यह भी दिखता है कि उन्होंने लैपटॉप उठाकर ग्राहक पर फेंकने की धमकी दी। उस समय बैंक की अन्य महिला कर्मचारी बीच-बचाव करती नजर आईं और स्थिति को संभालने की कोशिश की।
भाषा को लेकर हुई बहस
वीडियो में महिला कर्मचारी ग्राहक से कहती सुनाई देती हैं कि अपने पति को समझाओ। इस पर ग्राहक अन्य कर्मचारियों से कहती हैं कि उनकी भाषा ठीक नहीं है और उन्हें समझाया जाए।महिला कर्मचारी जवाब में कहती हैं कि कोई उनकी भाषा नहीं सुधार सकता और गुस्से में कई आपत्तिजनक बातें भी कहती हैं। इस पूरे घटनाक्रम ने वहां मौजूद लोगों को असहज कर दिया।
पुलिस को नहीं मिली शिकायत
इस मामले में पुलिस का कहना है कि अभी तक उनके पास कोई लिखित शिकायत नहीं आई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अगर किसी पक्ष की ओर से शिकायत मिलती है तो जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है और लोग इस पर अपनी राय दे रहे हैं। कुछ लोग कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, तो कुछ लोग इसे आपसी विवाद बता रहे हैं।
मामला बना चर्चा का विषय
वायरल वीडियो के बाद बैंक कर्मचारियों के व्यवहार और ग्राहकों के साथ संवाद को लेकर सवाल उठने लगे हैं। लोग उम्मीद कर रहे हैं कि मामले की निष्पक्ष जांच होगी।हालांकि, आधिकारिक शिकायत आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी। फिलहाल यह वीडियो पूरे शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
