कानपुर। समाजवादी पार्टी से विधायक अमिताभ बाजपेई एक मामले को लेकर फजलगंज थाने (Kanpur) पहुंचे और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए धरने पर बैठ गए। विधायक के धरने की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में सपाई भी थाने पहुंचे और नारेबाजी शुरू कर दी है। सपाइयों के प्रदर्शन को देखते हुए भारी पुलिस फोर्स को लगाया गया है।
मामले की वीडियो भी हो रहा वायरल
आर्यनगर (Kanpur) से विधायक अमिताभ बाजपेई शुक्रवार को फजलगंज थाने पहुंचे। इस दौरान उनकी पुलिस से कहासुनी हो गई। जिससे नाराज होकर वह थाने के अंदर धरने पर बैठ गए। पूरे मामले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में थानाध्यक्ष विधायक से कह रहे हैं कि बात मानिये सर। आपका थाने में वेलकम है ‘विधायक जी’। जमीन के बजाए कुर्सी पर बैठ जाएं सर। इस पर विधायक ने कहा कि गुंडई करोगे तो करो। अब हम जमीन पर बैठ गए तो बैठ गए। लाठी मरवाओ।
इस वजह से धरने पर बैठे अमिताभ बाजपेई
विधायक अमिताभ बाजपेई ने बताया कि दर्शनपुरवा के एक परिवार में मृत्यु हो गई थी। इसमें मैं और प्रत्याशी नसीम सोलंकी सांत्वना देने पहुंचे थे। जिसको पुलिस ने गिरफ्तार किया है, वो किशोर गुप्ता हमें सिर्फ घर दिखाने गया था। इतने में पुलिस उसे गिरफ्तार कर थाने ले आई। विधायक किशोर कुमार को छुड़ाने गए थे, लेकिन पुलिस ने विधायक की भी नहीं सुनी। जिससे नाराज होकर वह धरने पर बैठ गए। जानकारी मिलने पर सपाई भी थाने पहुंचे और जमकर नारेबाजी की। सुरक्षा के दृष्टिगत बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स को तैनात किया गया है।
यह भी पढ़े: मंत्री जयवीर सिंह का विवादित बयान- सपा प्रमुख को बताया बंदर, बढ़ सकता है विवाद
शिकायत पर पुलिस ने किया अरेस्ट
मिली जानकारी के अनुसार, दर्शनपुरवा निवासी अशोक गुप्ता उर्फ टिल्लू की कई दिनों से पुलिस को शिकायत मिल रही थी। इसमें बताया जा रहा था कि युवक बीजेपी के पदाधिकारियों और नेताओं के लिए अभद्र भाषा का उपयोग कर रहा है। मामले में थानाध्यक्ष सुनील सिंह ने बताया कि किशोर चौराहे पर गाली-गलौज कर रहा था। इसलिए पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है।