इस साल 13 अक्तूबर 2022 को देशभर में करवाचौथ का त्योहार मनाया जाएगा। महिलाओं के बीच करवाचौथ के व्रत का अलग ही क्रेज देखने को मिलता है।इस व्रत में महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र के लिए यह व्रत रखती हैं। बॉलीवुड की बात करे तो कुछ अभिनेत्रियां हैं जो इस त्योहार को विधि-विधान से मनाती हैं।और वो हर साल करवाचौथ लुक्स मीडिया की सुर्खियां बनती हैं। मगर, दूसरी ओर कुछ एक्ट्रेस ऐसी भी हैं, जो यह व्रत नहीं रखती हैं। इसके अलावा वो करवाचौथ व्रत पर विवादित बयान देकर फंस भी चुकी हैं। उनके इन बयानों पर जमकर बवाल हुआ था। पहला नाम हैं-
ट्विंकल खन्ना
अक्षय कुमार की पत्नी और बॉलीवुड एक्ट्रेस करवाचौथ के इस त्योहार को नहीं मनाती हैं। ट्विंकल खन्ना उन महिलाओं में से हैं, जिनका मानना है कि पत्नी के भूखे रहने से पति की आयु नहीं बढ़ती है। कुछ वर्ष पहले ट्विंकल अपने एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विवादों में फंस गई थीं, जिसमें उन्होंने करवाचौथ व्रत पर टिप्पणी की थी। एक्ट्रेस ट्विंकल ने कहा था- ‘आजकल जहां लोग 40 की आयु में दूसरी शादी कर लेते हैं, तो पहले पति के लिए व्रत रखने से क्या फायदा? जब उनके साथ जिंदगी भर साथ रहना ही नहीं।’ इसके बाद ट्विंकल खन्ना खूब ट्रोल हुई। इसके अलावा ट्विंकल खन्ना ने भी आंकड़े रखे और कहा था कि ‘100 देश ऐसे हैं, जहां पुरुष बिना व्रत रखे भी भारतीय पुरुषों से अधिक जीते हैं।’
करीना कपूर
बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर खुद एक पंजाबी परिवार से हैं। करीना कपूर की शादी को इसी महीने 10 साल होने वाले हैं। मगर, करीना कपूर करवाचौथ का व्रत नहीं रखती हैं। करीना कपूर का कहना है कि उन्हें अपने पति के प्रति प्यार साबित करने के लिए करवाचौथ का व्रत रखने की कोई जरूरत नहीं है। करीना का मानना है कि वह भूखे नहीं रह सकती हैं। वह करवाचौथ के दिन व्रत रखने की बजाय इस दिन को खाने-पीने और काम करने में व्यस्त रहते हुए बिताना पसंद करती हैं। एक बार मीडिया बातचीत में करीना ने कहा था, ‘जब बाकी औरतें भूखी रहेंगी, मैं खूब खा रही होऊंगी। मुझे अपना प्यार साबित करने के लिए भूखे रहने की जरूरत नहीं है।’ बेबो के इस बयान पर उनकी खूब आलोचना हुई थी।
रत्ना पाठक
एक्ट्रेस रत्ना पाठक शाह भी करवाचौथ पर विवादित बयान देकर आलोचानाएं झेल चुकी हैं। कुछ समय पहले रत्ना ने एक इंटरव्यू में कहा था, ‘हमारा समाज बहुत ही रुढ़िवादी होता जा रहा है। मैं शिद्दत से ये चीज महसूस कर रही हूं। इसी के साथ हम अंधविश्वासी भी होते जा रहे हैं। हम लोगों को ये मानने पर मजबूर किया जा रहा है कि धर्म जिंदगी का महत्वपूर्ण हिस्सा है। आज तक किसी ने मुझसे नहीं पूछा कि करवा चौथ का व्रत क्यों नहीं कर रहीं हैं आप? पिछले साल पहली बार किसी ने मुझसे पूछा। मैंने सोचा, ‘पागल हूँ क्या? अजीब नहीं है पढ़ी-लिखी महिलाएं भी पति की लंबी उम्र के लिए करवा चौथ का व्रत रखती हैं।’ इस बयान के बाद रत्ना पाठक को सोशल मीडिया पर यूजर्स से खूब खरी-खोटी सुनने को मिली थी।