नई दिल्ली: जिस तरह हम अपने शरीर को आकर्षक और मजबूत बनाने के लिए उसका ध्यान रख कर कई ऐसी चीजों का सेवन करते हैं, जिनसे शरीर बलवान और मजबूत बनता है उसी तरह हमें अपने दिमाग (Brain)का भी ध्यान रखना चाहिए। दिमाग हमारे शरीर का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा होता है, जितना ज्यादा ध्यान हम अपने शरीर के बाकी अंगों का रखते हैं उससे कई ज्यादा ध्यान हमें अपने दिमाग का भी रखना चाहिए। आज के इस लेख में जानेंगे कि किस तरह हम अपने दिमाग को हो रहे नुकसान से बचा सकते हैं।
आज के बढ़ते डिजिटलीकरण के दौर में सोशल मीडिया का ट्रेंड इतना ज्यादा बढ़ गया है कि ज्यादातर लोग रात और दिन में सोशल मीडिया पर कुछ ज्यादा ही एक्टिव रहने लगे हैं। इनमें युवाओं की संख्या ज्यादा है। जो एक सोचनीय विषय बनता जा रहा है। दिनचर्या में कुछ गलत आदतों से हमारे दिमाग को काफी नुकसान पहुंच सकता है जिससे हमें कई घातक गंभीर बीमारी हो सकती है।
ज्यादा तनाव लेना
आज की भाग-दौड भरी जीवनशैली में लोग काम की व्यस्थता के कारण और जीवन मे चल रही उथल-पुथल के कारण ज्यादा तनाव लेने लगे हैं, जिसके चलते वे कई गंभीर बीमारियों की चपेट में आने के पहले दावेदार बन जाते हैं। ज्यादा तनाव लेने से हमारे दिमाग को नुकसान पहुंचता है जिसके कारण हमारी मेमोरी पावर कम होने लगती है। तनाव से मुक्त रहने के लिए कुछ ऐसी एक्टिविटी करते रहना चाहिए जिससे आप तनाव से मुक्त रह सकें।
धूम्रपान का अधिक सेवन करना
कुछ लोग तनाव को दूर करने के लिए धूम्रपान का सहारा लेते हैं जो बिल्कुल गलत है। लोगों को धूम्रपान करने से बचना चाहिए। धूम्रपान करने से मस्तिष्क की कोशिकाओं को भारी नुकसान पहुंचता है जिससे मेमोरी लेवल पर असर पड़ता है।
पूरी नींद न लेना
कुछ लोग काम की व्यस्थता या अन्य कारणों जैसे सोशल मीडिया पर देर रात तक एक्टिव रहते हैं जिसके कारण उनकी नींद पूरी नहीं हो पाती है। एक स्वस्थ शरीर और दिमाग के लिए अच्छी नींद का होना बहुत जरुरी है। अच्छी नींद न लेने के कारण दिमाग की कोशिकाओं का विकास रुक जाता है। नींद पूरी न होने पर दिनभर थकान और तनाव जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। एक स्वस्थ शरीर और दिमाग के लिए 7 से 8 घंटे की नींद लेनी चाहिए।