Life style: हम सबके घर में कभी न कभी ऐसा जरूर होता है कि सोफा कवर पुराने हो जाते हैं। उनकी चमक फीकी पड़ जाती है या फिर वे थोड़े फटने लगते हैं। ऐसे में अक्सर हम उन्हें फेंकने या डस्टिंग के लिए इस्तेमाल करने का सोचते हैं। लेकिन जरा सोचिए—क्या होगा अगर इन्हीं पुराने कवर को क्रिएटिव तरीके से इस्तेमाल किया जाए? इससे न सिर्फ आपके पैसे बचेंगे, बल्कि घर की सजावट भी निखर जाएगी।
किचन के लिए कूल एप्रन बनाएं
खाना बनाते समय कपड़े खराब न हों, इसके लिए एप्रन बहुत काम आता है। पुराने सोफा कवर को रीयूज करके आप एक बढ़िया एप्रन बना सकती हैं।
कैसे बनाएं :सोफा कवर को अपनी जरूरत के हिसाब से काट लें।ऊपर और नीचे डोरी या रिबन सिल दें। फिर एप्रन तैयार है।अब आप स्टाइलिश एप्रन पहनकर किचन में मजे से खाना बना सकती हैं और कपड़ों को दाग-धब्बों से बचा सकती हैं।
दीवारों के लिए सुंदर वाल हैंगिंग बनाएं
घर की दीवारें सजाने का मन कर रहा है ,तो पुराने सोफा कवर से खूबसूरत वाल हैंगिंग तैयार करें।
कैसे बनाएं :कार्डबोर्ड को गोल या चौकोर आकार में काटें। सोफा कवर से उसी आकार के कपड़े काट लें। इन टुकड़ों को ग्लू से कार्डबोर्ड पर चिपकाएं। मोटी डोरी लेकर उन पर ये टुकड़े जोड़ दें।अगर थोड़ा और ग्लैम लुक चाहिए, तो आप इसमें छोटे मिरर या मोतियों का इस्तेमाल कर सकती हैं।
फ्रिज के लिए हैंडल कवर बनाएं
क्या आपका फ्रिज बार-बार गंदा हो जाता है? तो पुराने सोफा कवर से एक बढ़िया हैंडल कवर बनाएं।
कैसे बनाएं :सोफा कवर को हैंडल की लंबाई के हिसाब से काटें।अंदर फोम या कपड़ा लगाकर सिलाई कर लें। वेल्क्रो या बटन लगाकर इसे फिट कर दें। अब आपका फ्रिज हमेशा साफ रहेगा और यह कवर हटाने-धोने में भी आसान होगा।
कुशन के लिए नए कवर तैयार करें
पुराने सोफा कवर से नए और स्टाइलिश कुशन कवर बनाना बहुत आसान है।
कैसे बनाएं :कुशन के हिसाब से कपड़े को काट लें। किनारों को सिलाई करें और जिप लगा दें।अगर आप चाहें, तो इसमें थोड़ा एंब्रॉयडरी या लेस भी जोड़ सकती हैं, जिससे यह और भी खूबसूरत दिखे।
टेबल रनर और मैट्स बनाएं
टेबल को सजाने के लिए महंगे रनर और मैट्स खरीदने की जरूरत नहीं है। पुराने सोफा कवर का इस्तेमाल करें।
कैसे बनाएं :कवर को टेबल के आकार में काट लें।किनारों पर लेस या पिपिंग सिलाई कर दें। यह डाइनिंग टेबल को एकदम नया लुक देगा और आपकी जेब भी हल्की नहीं होगी।