School Heart Attack : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 13 वर्षीय छात्र की संदिग्ध कार्डियक अरेस्ट से मौत हो गई। अथर्व उर्फ डुग्गू हर रोज की तरह शुक्रवार सुबह खुशी-खुशी स्कूल जाने के लिए तैयार हुआ था। पिता प्रेम सिंह उसे रोज की तरह स्कूल छोड़कर घर लौट रहे थे। तभी कुछ देर बाद स्कूल से फोन आया कि अथर्व अचानक क्लास में गिर पड़ा है।
अस्पताल में तोड़ा दम
बेटे की तबीयत बिगड़ने की खबर मिलते ही प्रेम सिंह तुरंत स्कूल पहुंचे। इसके बाद अथर्व को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महज 13 साल की उम्र में बेटे को खोने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
आठवीं में पढ़ता था अथर्व
जानकारी के मुताबिक, जानकीपुरम निवासी प्रेम सिंह का बेटा अथर्व सहारा स्टेट स्थित एलपीएस स्कूल में आठवीं कक्षा का छात्र था। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं, लेकिन अचानक हुई इस घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।
क्लास में कैसे गिरा छात्र
स्कूल की प्रिंसिपल मीना तंगरी के मुताबिक, अथर्व अपनी कक्षा में पहुंचा ही था कि अचानक पीछे की तरफ फर्श पर गिर पड़ा। उस समय उसके कंधे पर स्कूल बैग भी टंगा हुआ था। घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जांच में डॉक्टरों ने कार्डियक अरेस्ट को मौत की संभावित वजह बताया है।
बच्चों की मौत से चिंता
कम उम्र में दिल से जुड़ी समस्या के कारण अचानक मौत की घटनाएं माता-पिता की चिंता बढ़ा रही हैं। लखनऊ की इस घटना से महज दो दिन पहले दिल्ली के मयूर विहार में भी 9 साल की एक बच्ची की स्कूल में अचानक मौत हो गई थी। इस घटना को भी हार्ट अटैक से जोड़कर देखा गया था।
क्या हो सकती है वजह
डॉक्टरों के अनुसार, बच्चों में कार्डियोमायोपैथी यानी दिल की मांसपेशियों से जुड़ी बीमारी और हृदय की धड़कनों में गड़बड़ी अचानक गंभीर स्थिति पैदा कर सकती है। कई बार ऐसी समस्याओं के शुरुआती लक्षण साफ दिखाई नहीं देते। हालांकि, अथर्व की मौत की वास्तविक वजह की पुष्टि मेडिकल जांच के बाद ही हो सकेगी।
























