Lucknow Birthday Party Shooting Case:लखनऊ में एक जन्मदिन की पार्टी उस समय दुखद घटना में बदल गई, जब अचानक चली गोली से 7वीं कक्षा के छात्र उनैज की मौत हो गई। पार्टी में केक काटने की तैयारी चल रही थी और कई दोस्त वहां मौजूद थे। लेकिन कुछ ही पलों में माहौल बदल गया।
अचानक एक गोली चली और वह सीधे उनैज के माथे में जा लगी। घायल बच्चे को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर गोली कैसे चली और इसके पीछे क्या वजह थी।
रिवॉल्वर चेक करते समय चली गोली
इस मामले में गोली चलाने का आरोप एक नाबालिग लड़के पर लगा है। हालांकि आरोपी का कहना है कि यह जानबूझकर नहीं हुआ। उसके मुताबिक वह अपने पिता की रिवॉल्वर को देख रहा था और उसी समय अचानक गोली चल गई।
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के चाचा पहले बसपा से एमएलसी रह चुके हैं और बाद में बीजेपी में शामिल हो गए थे। यही वजह है कि इस मामले को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं।
लोग यह जानना चाहते हैं कि क्या यह सच में गलती से चली गोली थी या फिर इसके पीछे कोई और वजह है।
कैसे हुई पूरी घटना
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सरोजनीनगर में रहने वाले जमीर खान इलेक्ट्रॉनिक सामान की दुकान चलाते हैं। उनका बेटा उनैज सातवीं कक्षा में पढ़ता था। जमीर खान ने पुलिस को बताया कि 2 मार्च को कृष्णानगर में एक बिजनेसमैन के घर जन्मदिन की पार्टी थी। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे उस बिजनेसमैन का बेटा अपने एक दोस्त के साथ उनके घर आया और उनैज को पार्टी में ले जाने लगा। जमीर ने पहले मना किया, लेकिन दोस्ती के कारण उनैज उनके साथ चला गया।
शाम करीब साढ़े सात बजे आरोपी के पिता ने जमीर को व्हाट्सऐप कॉल किया। उस समय फोन उनके बड़े बेटे ने उठाया। उन्हें बताया गया कि उनैज लोकबंधु अस्पताल में है और तुरंत वहां पहुंचना होगा। जब परिवार अस्पताल पहुंचा तो उन्हें पहले बच्चे से मिलने नहीं दिया गया। बाद में पुलिस ने बताया कि उनैज की मौत हो चुकी है।
पिता ने उठाए गंभीर सवाल
मृतक के पिता जमीर खान का कहना है कि उनके बेटे के माथे के ठीक बीच में गोली लगी थी। उनका सवाल है कि कोई व्यक्ति खुद के माथे के बीच में गोली कैसे खा सकता है। उनका आरोप है कि किसी ने उनैज को पकड़कर गोली मारी होगी। जमीर का कहना है कि यह एक सोची-समझी हत्या हो सकती है और आरोपी का परिवार प्रभावशाली होने के कारण मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है। पोस्टमॉर्टम के बाद 3 मार्च को जब उनैज का शव घर पहुंचा तो बड़ी संख्या में लोग वहां इकट्ठा हो गए। इस दौरान स्थानीय लोगों में पुलिस के खिलाफ नाराजगी भी देखने को मिली।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
जमीर खान की शिकायत के आधार पर कृष्णानगर थाना पुलिस ने 3 मार्च को छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इसमें तीन नाबालिग और तीन वयस्क शामिल हैं। पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1), 351(2) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया है। आरोपियों में नाबालिग लड़के के माता-पिता और उनका ड्राइवर भी शामिल हैं। रिवॉल्वर आरोपी के पिता के नाम पर लाइसेंस में दर्ज बताई जा रही है। पुलिस ने एक नाबालिग आरोपी को हिरासत में लेकर जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।
अब पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है।








