Lucknow News : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा मुख्यालय में उपलब्धियों का ब्यौरा दिया। उन्होंने कहा कि तुष्टिकरण नहीं, संतोष के लिए भारत सरकार काम कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले 11 सालों में विकास केवल नारे नहीं हैं, बल्कि विरासत और विकास का समन्वय करते हुए आम जनता को साथ लेकर चलते हुए दुनिया में नई पहचान दिलाई गई है।
अब सरकारी योजनाएं लोगों की ज़रूरत के आधार पर दी जा रही हैं, न कि उनके चेहरे या पहचान के आधार पर। अब नीतियां तुष्टिकरण नहीं, बल्कि जनसंतोष को ध्यान में रखकर बनाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और परिवारवाद से मुक्त होकर आत्मनिर्भरता और विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। पिछले 11 वर्षों में बनाई गई 25 साल की कार्ययोजना के तहत भारत ने न केवल सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों में, बल्कि सेवा, सुशासन और अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में भी अपनी एक नई पहचान स्थापित की है।
पहली बार मनाया जा रहा संविधान दिवस
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने हर वर्ग के लिए काम किया है। वंशवाद की राजनीति समाप्त हुई, नारी शक्ति वंदन अधिनियम से लेकर एनडीए में भर्ती तक महिलाओं को अधिकार मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबासाहेब अंबेडकर के बनाए संविधान का सम्मान हो रहा है, पहली बार संविधान दिवस मनाया जा रहा है। 2014 के पहले अविश्वास का भारत था, पिछले 11 वर्ष में भारत चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन गया है। आज जब 11 वर्ष केंद्र सरकार के हो रहे हैं तो जापान को पछाड़कर चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था बना है, भारत ने अपनी प्रति व्यक्ति आय बढ़ाई है, आज प्रति व्यक्ति आय लगभग ढाई लाख हुई है।
यह भी पढ़ें : दिल्ली में झुग्गी पर सियासी संग्राम, भूमिहीन पहुंची अतिशी को पुलिस…
भारत में तेजी से बढ़ रही है विकास की दर
सीएम ने कहा कि आज निर्यात बढ़ा है, जिस भारत की विकास की दर इतनी तेजी से बढ़ रही है, यह तय है कि 2027 तक भारत तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर है। सुदृढ़ अर्थव्यवस्था के लिए बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर की जरूरत होती है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने इसी इंफ्रास्ट्रक्चर की ओर काम किया था। यूपीए कार्यकाल के दौरान हाईवे निर्माण की स्पीड 11 किमी प्रतिदिन थी, आज यह 35 किमी/हर दिन बन रही है। देश के अंदर हाई स्पीड कॉरिडोर का निर्माण हो रहा है। पब्लिक ट्रांसपोर्ट का बेहतरीन मॉडल मेट्रो है, आज देश में 23 शहरों में मेट्रो संचालन हो रहा है, उत्तर प्रदेश में 6 शहरों में मेट्रो संचालित है। आज देश में 160 एयरपोर्ट बन गए हैं, उत्तर प्रदेश में 2017 के बाद 16 एयरपोर्ट सक्रिय हैं, इनमें 4 इंटरनेशनल एयरपोर्ट हैं, 5वां जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट बहुत जल्द सामने आ जाएगा।










