Swine Flu in UP :दिल्ली-यूपी समेत देश के कई राज्यों में स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों के बीच लखनऊ में इस सीजन की पहली मौत दर्ज की गई है। इंदिरानगर निवासी 50 वर्षीय महिला की बलरामपुर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला को स्वाइन फ्लू की पुष्टि के बाद 25 अगस्त को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। गुरुवार दोपहर करीब 2:30 बजे उसकी हालत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रशासन सतर्क हो गया है।
ऐसे बिगड़ी हालत
मौत से कुछ दिन पहले महिला को सर्दी, बुखार और सांस लेने में परेशानी हुई थी। परिवार उसे पहले एक निजी अस्पताल लेकर गया, जहां डॉक्टरों ने लक्षणों को देखते हुए स्वाइन फ्लू की जांच कराने की सलाह दी। परिवार ने निजी पैथोलॉजी लैब में टेस्ट कराया, जिसकी रिपोर्ट 24 अगस्त को आई। रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि बताई गई। इसके बाद डॉक्टरों ने महिला को किसी बड़े मेडिकल सेंटर में ले जाने की सलाह दी और अगले दिन उसे बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इलाज के दौरान मौत
अस्पताल पहुंचने के बाद महिला की सांस लेने में परेशानी लगातार बढ़ती गई। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे ऑक्सीजन सपोर्ट और जीवन रक्षक उपकरणों पर रखा, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। गुरुवार को उसने दम तोड़ दिया। खास बात यह रही कि महिला की मौत के बाद परिवार ने डॉक्टरों को मोबाइल फोन में मौजूद स्वाइन फ्लू पॉजिटिव रिपोर्ट दिखाई। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए उसके आसपास भर्ती मरीजों के सैंपल जांच के लिए भेजे।
17 लोगों की जांच
महिला का इलाज करने वाले 17 डॉक्टरों और हेल्थकेयर वर्कर्स के सैंपल जांच के लिए किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी यानी KGMU भेजे गए हैं। इलाज से जुड़े डॉक्टरों और स्टाफ को भी एहतियात के तौर पर आइसोलेशन में रहने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि महिला के संपर्क में कौन-कौन लोग आए थे और उनमें संक्रमण फैलने की कोई संभावना तो नहीं है।
रिपोर्ट की होगी जांच
चीफ मेडिकल ऑफिसर डॉ. एन.बी. सिंह के मुताबिक, स्वास्थ्य विभाग यह भी जांच कर रहा है कि महिला में स्वाइन फ्लू की पुष्टि के लिए कौन सा टेस्ट किया गया था। अधिकारियों के अनुसार संक्रमण की पुष्टि के लिए ELISA टेस्ट रिपोर्ट की जरूरत होती है। विभाग महिला के इलाज से जुड़ी मेडिकल जानकारी जुटा रहा है। साथ ही वह हाल के दिनों में किन जगहों पर गई थी और किन लोगों से मिली थी, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।
परिवार को सावधानी
महिला के परिवार के अन्य सदस्यों को फिलहाल आइसोलेशन में रहने की सलाह दी गई है और उन्हें जरूरी दवाएं भी दी गई हैं। स्वास्थ्य विभाग ने संपर्क में आए लोगों से कहा है कि सर्दी, बुखार, खांसी या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर नजर रख रहा है और टेस्टिंग के साथ कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग भी की जा रही है।









